दैनिक रेवांचल टाइम्स जबलपुर। दर्द का उपचार अब केवल दर्द निवारक दवाओं तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि आधुनिक चिकित्सा में दर्द के मूल कारण की पहचान कर उसका वैज्ञानिक उपचार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य के साथ इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ़ पेन (आईएसएसपी) द्वारा यंग पेन फिजिशियन कॉन-2026 का आयोजन जबलपुर में किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी अपोलो हॉस्पिटल, जबलपुर करेगा, जिसमें देशभर से युवा एवं वरिष्ठ पेन फिजिशियन भाग लेकर आधुनिक दर्द चिकित्सा की नवीन तकनीकों, शोध और अनुभवों को साझा करेंगे।
सम्मेलन की जानकारी देने के लिए गुरुवार को अपोलो हॉस्पिटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अस्पताल के सीईओ डॉ. पुनीत मेहता, डॉ. नीलेश रावल एवं श्री हरभजन सिंह सैनी ने बताया कि आज दर्द चिकित्सा का उद्देश्य केवल अस्थायी राहत देना नहीं, बल्कि दर्द के वास्तविक कारण का पता लगाकर उसका प्रभावी उपचार करना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ आधुनिक पेन मैनेजमेंट की नई तकनीकों और शोध पर विचार-विमर्श करेंगे, जिससे मरीजों को अधिक बेहतर और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि जबलपुर के लिए यह गौरव की बात है कि पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी शहर को मिली है। इसका श्रेय जबलपुर के वरिष्ठ पेन फिजिशियन डॉ. संजय खन्ना को जाता है, जो वर्तमान में इंडियन सोसाइटी फॉर स्टडी ऑफ़ पेन (आईएसएसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में यह आयोजन शहर में हो रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के चिकित्सा सम्मेलन न केवल विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि शहर की चिकित्सा पहचान को भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन से आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता बढ़ेगी और मरीजों को अत्याधुनिक दर्द उपचार का लाभ मिलेगा।
