वर्षों से लंबित मांगों की चाह पर आंदोलन के लिए तैयार है पटवारी

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्स – सिवनी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर लंबित मांगों के निराकरण को लेकर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ हो गया है। इसी क्रम में सिवनी जिले की सभी तहसीलों के पटवारी भी आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं। जिलेभर में पटवारियों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।


पटवारी संघ के अनुसार आंदोलन के प्रथम चरण में 20 से 23 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर कार्य किया गया। इसके बाद 24 से 27 जुलाई तक शासकीय व्हाट्सएप समूहों का बहिष्कार किया जा रहा है। वहीं 28 जुलाई से 2 अगस्त तक WebGIS, SARA एवं अन्य ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा। यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
पटवारी संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित पांच सूत्रीय मांगों में कैडर रिव्यू लागू करना, पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान प्रदान करना, नायब तहसीलदार परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करना, लंबित मानदेय का भुगतान तथा जॉब प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना प्रमुख हैं।


संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सिवनी जिले की लखनादौन, केवलारी, धनौरा ,बरघाट, कुरई, सिवनी,घंसौर और छपारा सहित सभी तहसीलों के पटवारी आंदोलन में एकजुट होकर भाग ले रहे हैं। पटवारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए किया जा रहा है।
वही पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन द्वारा मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया जाता है, तो आंदोलन को अगले चरण में और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। संघ ने जिले के सभी पटवारियों से एकजुट रहकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »