भानपुर पंचायत में तीन साल पहले स्वीकृत सड़क का निर्माण से पहले ही भुगतान! मौके से गायब सड़क,

Revanchal
3 Min Read

ग्राम पंचायत भानपुर में सीसी सड़क निर्माण के पूर्व गड़बड़ी के आरोप,

उपयंत्री आनंद उईके की भूमिका पर उठे सवाल,

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भानपुर में विकास कार्यों के नाम पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि पंचायत के जिम्मेदारों ने तकनीकी अमले की मिलीभगत से बिना निर्माण कार्य कराए ही शासकीय राशि का भुगतान कर दिया। मामला ग्राम बिजोरा में मुख्यमार्ग से तालाब टोला तक प्रस्तावित सीसी सड़क निर्माण से जुड़ा है।


जानकारी के अनुसार उक्त सड़क निर्माण कार्य पंद्रहवें वित्त मद से वर्ष 2022-23 में स्वीकृत हुआ था, जिसकी अनुमानित लागत करीब 3 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है। हैरानी की बात यह है कि स्वीकृति के तीन वर्ष बाद भी मौके पर सड़क निर्माण की शुरुआत तक नहीं हुई, लेकिन निर्माण सामग्री के नाम पर फर्जी बिल लगाकर करीब 1 लाख 32 हजार रुपए की राशि निकाल ली गई।


आरोप है कि पंचायत द्वारा अलग-अलग फर्मों के नाम से सीमेंट, गिट्टी, रेत सहित अन्य निर्माण सामग्री के बिल प्रस्तुत कर दो किस्तों में भुगतान कर दिया गया, जबकि मौके पर निर्माण सामग्री का कोई नामोनिशान तक नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर सड़क बननी है, वहां आज तक नींव तक नहीं रखी गई।


सबसे गंभीर सवाल यह उठ रहा है कि बिना निर्माण कार्य और बिना किसी भौतिक सत्यापन के भुगतान कैसे कर दिया गया। नियमों के अनुसार किसी भी निर्माण कार्य में उपयंत्री द्वारा मूल्यांकन और सत्यापन के बाद ही राशि जारी की जाती है, लेकिन इस मामले में कथित तौर पर बिना मूल्यांकन किए भुगतान होना तकनीकी अमले की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सरपंच, सचिव और तकनीकी अमले की मिलीभगत से शासकीय राशि का बंदरबांट किया गया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो पंचायतों में इस तरह के फर्जी भुगतान और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर संबंधित सरपंच, सचिव और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई करता है।

इनका कहना हैं
आपके माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है भानपुर ग्राम पंचायत की दो से तीन शिकायतें आ चुकी है में कल दफ्तर पहुंच कर दिखवा लेता हु

सचिन अग्रवाल सी ई ओ जनपद बजाग

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »