साप्ताहिक श्रमिकों को कर्मचारी संघ का अवैध सदस्य बनाने की हो रही तैयारी

Revanchal
4
3 Min Read

कुलगुरू और कुलसचिव को संघ पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय यादव और महासचिव अंकित श्रीवास द्वारा अपने अधिकारों का खुला दुरूपयोग करते हुए विश्वविद्यालय में पूर्णतः अस्थाई रूप से कार्यरत् साप्ताहिक श्रमिकों को संघ का सदस्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष बीरेन्द्र कुमार तिवारी के साथ पूर्व अध्यक्षद्वय वीरेन्द्र सिंह पटैल और प्रेम प्रकाश पुरोहित के साथ पूर्व महासचिव राजेन्द्र प्रसाद शुक्ल ने कुलगुरू एवं संघ संरक्षक प्रो० राजेश कुमार वर्मा और कुलसचिव रविशंकर सोनवाल को इस संबंध में ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि संघ संविधान में केवल गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को संघ की सदस्यता प्रदान किये जाने का प्रावधान है,

जबकि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और महासचिव द्वारा 73 साप्ताहिक श्रमिकों, जिन्हें आवश्यकता अनुसार कार्य पर बिना किसी नियुक्ति आदेश के रखा गया है, जिन्हें आवश्यकता ना होने पर बिना किसी पूर्व नोटिस के हटाया जा सकता है, उन्हें कर्मचारी संघ का सदस्य अपना वोटबैंक बनाने के लिये कार्य नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है। इस हेतु ना तो कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी की स्वीकृति प्राप्त की गई है और ना ही आमसभा की।

टाईम कीपर ने किया मना तो सीधे प्रभारी अधिकारी से करवा लिया सत्यापन

सूत्रों की मानें तो संजय यादव और अंकित श्रीवास द्वारा सुरक्षा प्रकोष्ठ में पदस्थ टाईम कीपर रविन्द्र बहादुर सिंह पर माह अप्रैल के पारिश्रमिक देयक में सभी लेबर की सदस्यता शुल्क दस रूपये की कटौती करते हुए देयक तैयार करने का दबाव बनाया, लेकिन जब उसने इस संबंध में सक्षम प्रशासनिक स्वीकृति के अभाव के कारण बात नहीं मानी तो सुरक्षा प्रभारी डाॅ० विशाल बन्ने से देयक पर नियम विरूद्ध सत्यापन करवा लिया गया। मजे की बात यह है कि लेखा विभाग ने भी बिना देखे प्रकरण का परीक्षण कर भुगतान प्रस्तावित कर दिया है।

विश्वविद्यालय के गलियारों में श्रमिकों को संघ का सदस्य बनाने का मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। अब प्रकरण जब कुलगुरू और कुलसचिव के संज्ञान में आ गया है, तो दोनों अधिकारी क्या कार्यवाही करते हैं, यह देखने वाली बात होगी। कार्यकारिणी सदस्य ब्रजेश कुमार तिवारी, प्रेम शंकर पाण्डेय, रजनीश पाण्डेय, ओम प्रकाश शुक्ल ने जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा किये जा रहे मनमाने रवैये पर आक्रोश व्यक्त किया है।

Share This Article
Translate »