वन विभाग ने पाइप में फंसे तेंदुए को सुरक्षित निकालकर वन क्षेत्र में किया रिलीज़
रेवांचल टाइम्स संवाददाता उमाकांत त्रिपाठी पवई पन्ना
आज प्रातः अमानगंज बफर रेंज के समीप दक्षिण पन्ना वनमण्डल की पवई रेंज के राजस्व क्षेत्र अंतर्गत हिनौती ग्राम के पास एक तेंदुआ देखा गया। आवारा कुत्ते का पीछा करते हुए तेंदुआ एक संकरे पाइप में प्रवेश कर गया। स्थानीय ग्रामीणों ने पाइप के दोनों सिरों को पत्थरों से बंद कर वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दक्षिण पन्ना वनमण्डल का मैदानी अमला एवं पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। पाइप के एक सिरे पर सुरक्षित पकड़ के लिए ट्रैप केज लगाया गया तथा दूसरे सिरे को पूरी तरह बंद किया गया। तेंदुए को केज की दिशा में ले जाने के लिए विभिन्न उपाय अपनाए गए, जिनमें पानी के प्रवाह, कांटेदार झाड़ियों आदि का उपयोग शामिल रहा।
अंततः पाइप के व्यास के अनुरूप टायरों को आपस में बांधकर रस्सियों की सहायता से धीरे-धीरे पाइप के भीतर बढ़ाया गया, जिससे तेंदुआ नियंत्रित रूप से केज की ओर बढ़ा और सुरक्षित रूप से पकड़ में आ गया।
रेस्क्यू के बाद वन्यप्राणी चिकित्सकीय परीक्षण किया गया, जिसमें तेंदुआ स्वस्थ पाया गया। इसके उपरांत उसे उपयुक्त वन क्षेत्र में सुरक्षित रूप से स्थानांतरित कर छोड़ दिया गया।
सम्पूर्ण कार्यवाही में पवई रेंज ऑफिसर नितेश पटेल के नेतृत्व में स्थानीय वन अमले का सराहनीय योगदान रहा। इनमें परिक्षेत्र सहायक बी.के. खरे, वनरक्षक रामजी गर्ग, मनीष वर्मा, सचेंद्र मोहन, दिनेश राठौर, सतेंद्र भदौरिया, मनीष यादव, राहुल पटेल, गायत्री सिंह तथा चालक राजेंद्र खटीक की भूमिका उल्लेखनीय रही।
वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में पन्ना टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम (उदयमणि सिंह परिहार, अरविंद रैकवार, तफसील खान, अर्जुल पाल) का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तत्परता से उपस्थित रहा।
