सात फेरे… सात वचन… और तीसरे ही दिन ऐसा मोड़ कि दूल्हा रह गया इंतजार करता, दुल्हन हुई रहस्यमय ढंग से गायब

Revanchal
4 Min Read


ब्यूटी पार्लर जाने की बात कहकर निकली नवविवाहिता, फिर नहीं लौटी वापस; पति का दावा … 3 लाख के जेवर भी थे साथ, पुलिस खंगाल रही हर सुराग


जबलपुर। शादी के बाद नई जिंदगी की शुरुआत का सपना लेकर घर आई दुल्हन… परिवार खुशियों में डूबा था… लेकिन किसी को अंदाजा भी नहीं था कि महज तीन दिन बाद यही शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन जाएगी। जबलपुर में एक नवविवाहिता “सिर्फ दस मिनट में आती हूं” कहकर ब्यूटी पार्लर के लिए निकली और फिर ऐसी गायब हुई कि अब उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा है।


पति का दावा है कि पत्नी करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर पहनकर गई थी। अब वह पुलिस से सिर्फ एक ही गुहार लगा रहा है …”मैं बाहर इंतजार करता रह गया… वो किस रास्ते से निकली, पता ही नहीं चला… बस मेरी पत्नी को ढूंढ़ दीजिए।”


दूल्हे को बाहर बैठाया… और फिर कहानी बदल गई
गोसलपुर निवासी गौतम यादव, जो मजदूरी कर परिवार चलाते हैं, ने बताया कि 21 जून को उनकी शादी बरेला की रहने वाली चौहानी यादव से पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। अगले दिन दुल्हन की विदाई हुई और वह ससुराल पहुंची।
तीसरे दिन पत्नी ने मौसी की शादी में जाने की इच्छा जताई। दोनों बुढ़ागर पहुंचे। वहां उसने पहले बंजारी माता मंदिर में दर्शन करने की बात कही। इसके बाद बाजार में अचानक कहा कि पहले फोटो स्टूडियो से शादी की तस्वीरें ले लेते हैं।


गौतम के मुताबिक, स्टूडियो पहुंचने के बाद पत्नी ने मुस्कुराते हुए कहा …”मैं सामने वाले ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर अभी आती हूं… आप यहीं इंतजार करना।”
पति बाहर बैठा रहा… मिनट बीतते गए… दस मिनट आधे घंटे में बदल गए… लेकिन दुल्हन वापस नहीं लौटी।


आधे घंटे का इंतजार… फिर शुरू हुई बेचैनी
जब काफी देर तक पत्नी नहीं लौटी तो गौतम पार्लर के आसपास तलाश करने लगे। रिश्तेदारों को फोन लगाए, परिचितों से पूछा, लेकिन कहीं कोई जानकारी नहीं मिली। जैसे-जैसे समय गुजरता गया, चिंता और बढ़ती गई।
पति का दावा … लाखों के जेवर पहनकर गई थी
गौतम का आरोप है कि शादी में पत्नी को करीब 3 लाख रुपए के सोने और चांदी के आभूषण दिए गए थे। लापता होने के समय वह मंगलसूत्र, कंगन, करधनी, पायल, बिछिया समेत सभी जेवर पहने हुई थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।


दो महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
गौतम ने बताया कि बुढ़ागर में रहने वाली उनकी बुआ के माध्यम से दोनों परिवारों का परिचय हुआ था। लड़का-लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया, जिसके बाद परिवारों की सहमति से शादी तय हुई। किसी ने नहीं सोचा था कि नई-नवेली शादी इतनी जल्दी सवालों के घेरे में आ जाएगी।
अब पुलिस के सामने कई सवाल
आखिर नवविवाहिता कहां गई?
क्या वह अपनी मर्जी से कहीं चली गई?
क्या किसी ने उसे अपने साथ ले गया?
या फिर मामला किसी और दिशा में है?
इन सभी सवालों के जवाब फिलहाल जांच के दायरे में हैं।
सीसीटीवी, कॉल डिटेल और हर सुराग पर नजर
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि गौतम यादव की शिकायत पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महिला की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों के आधार पर की जा रही है। महिला के स्वेच्छा से जाने, किसी परिचित से संपर्क या किसी संभावित धोखाधड़ी सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »