रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर लगाम लगाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिले भर में एक बड़ा अभियान छेड़ा गया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सेफ क्लिक 2.0′ साइबर जागरूकता अभियान के तहत विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
15 दिवसीय इस महाअभियान के अंतर्गत छिंदवाड़ा पुलिस ने सीधे युवाओं और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें डिजिटल दुनिया के खतरों और उनसे बचने के अनमोल मंत्र सिखाए।
स्कूल-कॉलेजों में सजीं कार्यशालाएं, विद्यार्थियों ने ली शपथ
अभियान के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों में साइबर सुरक्षा संबंधी विशेष कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड से बचने के तरीके व्यावहारिक रूप से समझाए। कार्यक्रम में मौजूद सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को ‘साइबर सुरक्षा शपथ’ भी दिलाई गई कि वे न तो खुद किसी झांसे में आएंगे और न ही दूसरों को आने देंगे।
क्विज प्रतियोगिता से परखी जागरूकता
जागरूकता को और रोचक बनाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में साइबर सुरक्षा पर आधारित क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने केंद्र सरकार के साइबरदोस्त हैंडल, एनसीआरपी पोर्टल और सबसे महत्वपूर्ण साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
हर थाने ने संभाली कमान, पुलिस की अपील- ‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें’
छिंदवाड़ा पुलिस के इस अभियान की खास बात यह रही कि जिले के प्रत्येक थाने ने अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में मुस्तैदी से जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए। हाट-बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों को जागरूक करते हुए बताया गया कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
पब्लिक गाइडलाइन ठगी होने पर क्या करें?
छिंदवाड़ा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी शेयर न करें। यदि कोई अप्रिय साइबर घटना घटती है, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें। आपकी सतर्कता ही साइबर अपराधियों के हौसले पस्त कर सकती है। सेफ क्लिक 2.0′ अभियान से जुड़कर सुरक्षित डिजिटल समाज बनाने में सहयोग दें।
