अवैध रेत के कारोबार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 109 घन मीटर रेत भंडारण पर एसडीएम की बड़ी कार्रवाई

Revanchal
3 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स डिंडौरी। जिले में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध रेत कारोबार के खिलाफ आखिरकार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने 109 घन मीटर अवैध रेत भंडारण का मामला पकड़ते हुए कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर रेत का अवैध उत्खनन और भंडारण किया जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग लंबे समय तक मौन साधे रहे, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद होते गए। अब एसडीएम की पहल पर अवैध रूप से जमा की गई 109 घन मीटर रेत को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में रेत का अवैध कारोबार कोई नई बात नहीं है। रात के अंधेरे में नदियों और घाटों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए रेत निकाली जाती है और फिर खुलेआम उसका भंडारण किया जाता है। कई बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता सवालों के घेरे में रही है। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई कई गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण कब से चल रहा था और संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।


सूत्रों के अनुसार, प्रशासन अब अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। यदि जांच में और अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों पर खनिज अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध खनन और भंडारण के मामलों के बीच एसडीएम की यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती का संकेत मानी जा रही है। हालांकि, आम लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि यह अभियान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहेगा या फिर रेत माफियाओं के पूरे नेटवर्क पर भी शिकंजा कसा जाएगा।

👁️ 409 views Views
Share This Article
Translate »