रेवांचल टाइम्स पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अंधविश्वास और ढोंगी तंत्र-मंत्र के नाम पर रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने खुद को झाड़-फूंक करने वाला बताकर अपने ही छोटे भाई और उसकी पत्नी को अघोरी का भय दिखाया तथा बहू के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पेशे से मिस्त्री है और झाड़-फूंक का काम करने का दावा करता था। उसने अपने मजदूर भाई और उसकी पत्नी को यह कहकर डराया कि उन पर “अघोरी” का साया है। भयभीत दंपत्ति ने जब उससे उपाय पूछा तो आरोपी ने तंत्र-मंत्र के नाम पर अंडा, शराब और गांजा जैसी सामग्री मंगवाई।
बताया जा रहा है कि 18 मई की रात आरोपी भाई के घर पहुंचा और झाड़-फूंक की प्रक्रिया का बहाना बनाकर अपने भाई को कमरे से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने महिला को अकेले बुलाकर कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद उसने कहा कि अब अघोरी का असर खत्म हो जाएगा और वहां से फरार हो गया।
होश में आने पर पीड़िता ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
यह घटना एक बार फिर इस बात को उजागर करती है कि अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर लोगों को भ्रमित कर अपराधी किस तरह महिलाओं का शोषण कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से ऐसे ढोंगी तांत्रिकों और अंधविश्वास फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की है।
