बाइक की टक्कर से तीन लोग घायल, पवई अस्पताल में भर्ती
दैनिक रेवांचल टाइम्स पन्ना
माता कलेही मंदिर रोड पर लगने वाला साप्ताहिक बाजार एक बार फिर दुर्घटना का कारण बन गया। गलत तरीके से सड़क पर लगाए गए बाजार के चलते एक बाइक सवार ने अनियंत्रित होकर तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिससे सभी घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल पवई अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजार सड़क पर लगने के कारण यहां अक्सर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनी रहती है। यह मार्ग न केवल वाहनों के लिए बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी हमेशा बनी रहती है।
प्रशासन की अनदेखी बनी खतरा, कब सुधरेंगे हालात?
इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिक कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, साथ ही बाजार को किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी रखी गई है। लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
बड़ी बात यह है कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नगर प्रशासन द्वारा साप्ताहिक बाजार की व्यवस्था सड़क पर ही की जा रही है, जो नियमों के खिलाफ है। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्यौता देने जैसी है, और प्रश्न यही उठता है कि अगर कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
