रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू ने भक्ति और सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने नगर के प्रमुख शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और लोक कल्याण की कामना की।
भंडारे में सेवा और मंदिर निर्माण हेतु दान
पातालेश्वर धाम और मोक्षधाम स्थित महाकाल मंदिर में आयोजित विशाल फलाहारी भंडारे में सांसद साहू ने स्वयं अपने हाथों से सैकड़ों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया। सांसद को अपने बीच पाकर और उनके हाथों से प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान सांसद ने शिव शक्ति सेवा मंडल की ओर से एक सराहनीय पहल करते हुए नगर शक्ति पीठ बड़ी माता मंदिर समिति को मंदिर निर्माण हेतु 1,11,111 (एक लाख ग्यारह हजार एक सौ ग्यारह) रुपये का चेक भेंट किया।
शिवमहापुराण कथा में लिया आशीर्वाद
सांसद साहू ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 16 स्थित शिवधाम मंदिर, कुसमेली में चल रही श्री शिवमहापुराण कथा में भी शिरकत की। यहाँ उन्होंने महाराजश्री का आशीर्वाद लिया और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ बैठकर कथा श्रवण किया।
अमरवाड़ा के ग्रामों में उत्साह
सांसद ने अमरवाड़ा विधानसभा के ग्राम गरमेटा और पौनार में आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। यहाँ भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रमों में संगठन के वरिष्ठ नेताओं सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
कार्यक्रमों के दौरान मंडल अध्यक्ष अंकुर शुक्ला, वरिष्ठ नेता संतोष पटेल, रोहित पोफली, महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी, नपा अध्यक्ष प्रीति नितिन तिवारी, जिला मंत्री दीपक नेमा, सचिन गोल्डी नेमा, आशु चंचल चाचड़ा, और रिजवान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं शिव भक्त मौजूद रहे।
