पन्ना, 13 जुलाई।
सवर्ण अधिकारी एवं कर्मचारी संगठन (म.प्र.) के प्रदेश अध्यक्ष इंजी. अजय तिवारी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने डीईओ कार्यालय पहुंचकर श्रीमती आकांक्षा रावत जिला शिक्षा अधिकार पन्ना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से वर्तमान में संचालित पदोन्नति प्रक्रिया के अंतर्गत कर्मचारियों से पुनः गोपनीय चरित्रावली (सी.आर.) मंगाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे अव्यावहारिक एवं अनावश्यक बताया। संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि गत वर्ष भी पदोन्नति एवं वेतनमान की प्रक्रिया के लिए कर्मचारियों से पाँच वर्षों की गोपनीय चरित्रावली संबंधित संकुलों के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराई जा चुकी है। ऐसी स्थिति में उसी अभिलेख को पुनः मंगाने से कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा विद्यालयीन कार्य एवं प्रशिक्षण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि पूर्व में प्रस्तुत गोपनीय चरित्रावली को ही मान्य माना जाए तथा कर्मचारियों से दोबारा दस्तावेज़ न मंगाए जाएँ। साथ ही पदोन्नति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं कर्मचारियों के हित में शीघ्र पूर्ण करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना ने संगठन के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विषय को गंभीरता से संज्ञान में लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष अजय तिवारी, प्रदेश पदाधिकारी आलोक खरे अखिल भार्गव,जिला कार्यवाहक अध्यक्ष गंगाराम शर्मा जिला प्रवक्ता रघुवीर तिवारी, कृष्णा शरण त्रिपाठी, , महिला मोर्चा संभागीय अध्यक्ष कमला गंगेले, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वाति तिवारी, रंजना शर्मा सहित पदाधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर अपनी बात रखी। जिला शिक्षा अधिकारी ने उक्त विषय पर तत्काल कार्यवाही किए जाने का संगठन के प्रतिनिधि मंडल को आवश्वासन दिया
