रेवांचल टाइम्स बिछिया मंडला जिले के बिछिया विधानसभा क्षेत्र में 26 मई को आम आदमी पार्टी की महत्वपूर्ण विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली से आए मध्यप्रदेश सहप्रभारी धर्मेंद्र सिंह रावत ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा आगामी पंचायत, निकाय एवं विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में पार्टी नेताओं ने संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने पर विशेष चर्चा की। इस दौरान पंचायत एवं निकाय चुनावों के लिए संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी तैयारी को लेकर भी विस्तार से मंथन किया गया। नेताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार गांव-गांव तक पहुंचकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और कार्यकर्ताओं का उत्साह आने वाले समय में बड़े राजनीतिक परिवर्तन का संकेत दे रहा है।
प्रदेश सहप्रभारी धर्मेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद जिस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों से कार्यकर्ता अपने संसाधनों से बड़ी संख्या में बैठक में पहुंचे हैं, वह पार्टी के प्रति उनके समर्पण और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का समर्थन आने वाले चुनावों में पार्टी को नई मजबूती प्रदान करेगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष पंकज सोनी के नेतृत्व में चल रहे संगठन विस्तार अभियान की सराहना की गई। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जिस प्रकार जिला नेतृत्व गांव-गांव पहुंचकर पार्टी को मजबूत करने का कार्य कर रहा है, उसी प्रकार वे भी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम में सहयोगी अविनाश चौधरी, जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी, यशवंत जायसवाल, धीरज पनरिया, जिला संगठन मंत्री शिशु सिंधु भलावी, जिला अध्यक्ष बौद्धिक प्रकोष्ठ अशोक पांडे, जिला अध्यक्ष यूथ आदित्य पटेल, जिला उपाध्यक्ष यूथ तरुण बघेल, जिला अध्यक्ष लीगल विंग मुकेश तुमराली, जिला उपाध्यक्ष लीगल विंग जागेश यादव, जिला सहसचिव पुष्पराज मरावी, जिला मीडिया प्रभारी आशीष वैष्णव, ब्लॉक अध्यक्ष विशाल कटारिया सहित जगन्नाथ धारवैया, सतीश धुर्वे, संतराम मरावी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
