दैनिक रेवांचल टाइम्स – जबलपुर/ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व आज 28 मई, गुरूवार को पूरे मुल्क में अकीदत,उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुस्लिम समुदाय के लोग ईद की नमाज अदा करेंगे और मुल्क में अमन,चैन और खुशहाली की दुआ मांगेंगे। रानीताल ईदगाह में ईद-उल-अजहा के मौके पर मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना डॉ. मुशाहिद रजा कादरी बुरहानी मुस्लिम समुदाय को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रातः 10:30 बजे नायब मुफ्ती-ए-आजम मध्यप्रदेश हजरत मौलाना सूफी जियाउल हक कादरी ईद की नमाज अदा कराएंगे।
शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं ईद-उल-अजहा
ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रिजवान अली कोटी, छात्र नेता शफी खान, अदनान अंसारी, एजाज अंसारी, शाहनवाज अंसारी, वकार खान,जफर खान आदि ने समस्त मुस्लिम समाज को ईद की मुबारकबाद दी है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि कुर्बानी के जो अवशेष उपयोग में नहीं आते, उन्हें सड़कों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए, बल्कि नगर निगम की गाड़ियों अथवा निर्धारित स्थानों पर उचित तरीके से पैक कर डालें। साथ ही पर्व को शालीनता, अदब-ए-एहतराम तथा आपसी भाईचारे के साथ मनाएं एवं जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
आम रास्तों पर कुर्बानी कतई न करें
प्रवक्ता रिजवान अली कोटी एवं छात्र नेता शफी खान ने कहा कि जबलपुर संस्कारधानी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रहा है, जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सहित सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में रहते हैं। इसलिए हमारी यह जिम्मेदारी है कि हमारे किसी भी कार्य से किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा या ठेस न पहुंचे।
उन्होंने मुस्लिम समाज से यह भी आग्रह किया कि कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें, ताकि समाज में सौहार्द और भाईचारे का वातावरण कायम रहे।
