जनपद पंचायत घुघरी में सचिवों के तबादले, सीईओ जिला पंचायत ने जारी किए आदेश

Revanchal
2 Min Read


रेवांचल टाइम्स मंडला – पंचायत व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से सीईओ जिला पंचायत मंडला शाश्वत सिंह मीणा द्वारा जनपद पंचायत घुघरी अंतर्गत पदस्थ ग्राम पंचायत सचिवों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न ग्राम पंचायतों में सचिवों की नवीन पदस्थापना की गई है।


आदेश के तहत ग्राम पंचायत घुघरी में पदस्थ सचिव को ढेंको ग्राम पंचायत जनपद मंडला भेजा गया है, जबकि किसली में पदस्थ सचिव को घुघरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार लाटो ग्राम पंचायत के सचिव का स्थानांतरण किसली किया गया है, वहीं राम्हेपुर ग्राम पंचायत के सचिव को कचनारी में पदस्थ किया गया है।


जिला पंचायत द्वारा किए गए इन स्थानांतरणों को प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार तथा पंचायतों के कार्यों में गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ कर्मचारियों के स्थानांतरण से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


स्थानीय स्तर पर भी इस निर्णय को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का मानना है कि नए स्थानों पर सचिवों की पदस्थापना से विकास कार्यों की समीक्षा और क्रियान्वयन में नई गति आ सकती है।
अब देखना होगा कि नवीन पदस्थ सचिव अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किस प्रकार पंचायतों के विकास, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के निराकरण में भूमिका निभाते हैं।

👁️ 278 views Views
Share This Article
Translate »