पुणे में विद्या भूमि के स्केटर्स का जलवा नेशनल चैंपियनशिप में जीते पदक, अब मालदीव में दिखाएंगे दम

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

विद्या भूमि पब्लिक स्कूल के होनहार खिलाड़ियों ने महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित ‘इन्डयोरेन्स नेशनल स्केटिंग चैम्पियनशिप’ में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी।

​पदक तालिका में जमाई धाक
​प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला करते हुए रिशांक विश्वकर्मा ने अपनी रफ्तार का जादू बिखेरा और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं, विद्यालय की एक अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी विधि रघुवंशी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया।

​1100 खिलाड़ियों के बीच बनाई जगह
​इस चैंपियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 1100 से अधिक स्केटर्स ने हिस्सा लिया था। मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्या भूमि के 11 सदस्यीय दल ने अपनी तकनीक और गति से सभी को प्रभावित किया।


​अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भरेंगे उड़ान

​इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया है। पदक विजेता खिलाड़ी अब जून 2026 में मालदीव में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

​कोच सचिन कोमजवार का मार्गदर्शन
टीम की इस सफलता के पीछे उनके कोच सचिन कोमजवार का कड़ा परिश्रम है। कोमजवार पिछले 25 वर्षों से खिलाड़ी और कोच के रूप में इस खेल में सक्रिय हैं और अब तक कई कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं।

​विद्यालय परिवार ने दी बधाई
​छात्रों की इस गौरवमयी उपलब्धि पर विद्यालय की प्रशासिका डॉ. विजया यादव, चेयरमैन डॉ. शेषराव यादव, एवं तकनीकी निदेशक विशेष यादव सहित समस्त विद्या भूमि परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और मालदीव में होने वाली आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Share This Article
Translate »