तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर भालू ने किया हमला, ग्रामीणों ने मौत के मुंह से निकाला बाहर
पन्ना। पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल अंतर्गत देवेंद्रनगर रेंज के जंगल में तेंदूपत्ता संग्रह के दौरान एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला की जान बचा ली। घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्रनगर क्षेत्र की रहने वाली करीब 45 वर्षीय अनीता मंडल शुक्रवार को अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने बिना जान की परवाह किए लाठी-डंडों और शोर-शराबे के जरिए भालू को खदेड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भालू महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों की तत्परता और साहस के चलते महिला की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वन विभाग ने घटना के बाद लोगों से जंगल में अकेले न जाने, समूह में रहने तथा सुरक्षा के लिए लाठी साथ रखने की अपील की है। विभाग का कहना है कि वन क्षेत्रों में इस समय वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं, इसलिए विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।
