स्ट्रेचर के लिए आधार कार्ड की शर्त पर भड़की युवा कांग्रेस, अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन

Revanchal
3 Min Read


जबलपुर। मेडिकल सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ताक पर रखकर लागू किए गए एक अजीबोगरीब नियम के खिलाफ अब विरोध के स्वर मुखर होने लगे हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों को स्ट्रेचर उपलब्ध कराने के एवज में आधार कार्ड जमा कराने की अनिवार्यता लागू की गई है, जिसके विरोध में जबलपुर शहर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सतेंद्र (सोनू) कुकरेले के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सुपरस्पेशलिटी अधीक्षक जितेन्द्र गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।


ये है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले गंभीर और आपातकालीन मरीजों को वार्ड या उपचार कक्ष तक ले जाने के लिए स्ट्रेचर तभी दिया जा रहा है, जब उनके परिजन अपना या मरीज का मूल आधार कार्ड काउंटर पर बंधक के रूप में जमा करते हैं।


इस अव्यावहारिक व्यवस्था के कारण रोजाना अस्पताल पहुंचने वाले सैकड़ों तीमारदारों को भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ रहा है। कई बार गंभीर स्थिति में पहुंचे मरीजों के परिजन हड़बड़ाहट में आधार कार्ड लाना भूल जाते हैं, ऐसी स्थिति में कार्ड न होने पर उन्हें स्ट्रेचर देने से मना कर दिया जाता है, जिससे इलाज में जानलेवा देरी हो रही है।


एक ही परिसर में दो नियम क्यों?
सुपरस्पेशलिटी अधीक्षक जितेन्द्र गुप्ता को सौंपे गए ज्ञापन में युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र कुकरेले और विधानसभा अध्यक्ष नितिन सिंह ने अस्पताल प्रशासन की दोहरी नीति पर भी तीखे सवाल उठाए। युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र कुकरेले और विधानसभा अध्यक्ष नितिन सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की पुरानी मुख्य अस्पताल बिल्डिंग में स्ट्रेचर या व्हीलचेयर लेने के लिए ऐसी कोई भी शर्त या नियम लागू नहीं है।

वहां आने वाले हर जरूरतमंद मरीज को तत्काल और बिना किसी रुकावट के यह सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाती है। ऐसे में एक ही चिकित्सा परिसर के भीतर दो अलग-अलग व्यवस्थाएं चलाना समझ से परे है और यह पूरी तरह से मरीज हितों के विपरीत है। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आधार कार्ड जमा कराने की इस असुविधाजनक व्यवस्था को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। अस्पताल आने वाले हर मरीज और उनके परिजनों को बिना किसी नियम या शर्त के निःशुल्क स्ट्रेचर व व्हीलचेयर मुहैया कराई जाए। इस अवसर पर अभ्युत बाजपेयी, शिशांत सिंह ठाकुर, विक्रम ठाकुर, अभिलाष उपाध्याय, आर्यन बेटियां, लकी केवट आदि उपस्थित रहे।


प्रबंधन ने दिया त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुपरस्पेशलिटी अधीक्षक जितेन्द्र गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इस पूरी व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और मरीजों के हित को ध्यान में रखते हुए नियमों में तत्काल सुधार कर उचित कदम उठाए जाएंगे।

भवदीय

सतेंद्र (सोनू) कुकरेले
अध्यक्ष : जबलपुर शहर युवा कांग्रेस

👁️ 0 views Views
Share This Article
Translate »