28 अप्रेल को भोपाल में निकलेगी शौर्य यात्रा, बैठक में बनी रूपरेखा

Revanchal
6
3 Min Read

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला. 28 अप्रेल को राजा हिरदेशाह लोधी शोध संस्था भोपाल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली शौर्य यात्रा को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित गौड़ी पब्लिक ट्रस्ट भवन में लोधी क्षत्रिय समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में जबलपुर हाई कोर्ट के अधिवक्ता रामेश्वर ठाकुर, पूर्व जनपद अध्यक्ष जबलपुर संजय पटेल, जिला क्षत्रिय समाज अध्यक्ष कन्हैया ठाकुर, जिला अध्यक्ष राजेश लोधी और हुल्कर सिंह बंधु सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 1842 की क्रांति के महान नेतृत्वकर्ता राजा हिरदेशाह लोधी की पुण्य तिथि पर 28 अप्रेल को भोपाल के जम्बुरी मैदान में शौर्य दिवस मनाया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि क्रांतिकारी राजा हिरदेशाह लोधी हीरापुर के वीर और स्वाभिमानी शासक थे, जिन्होंने वर्ष 1842 में अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक जनसमर्थन के साथ विद्रोह का बिगुल फूंका। इस संघर्ष में हजारों लोगों ने भाग लिया और लगभग 18 माह तक चले इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। यह ऐतिहासिक आंदोलन पूरे बुंदेलखंड सहित देशभर में बुंदेला क्रांति के नाम से प्रसिद्ध हुआ।
बताया गया कि अंग्रेजी शासन ने उनके साहस से भयभीत होकर उन पर इनाम घोषित किया और अंततः उन्हें गिरफ्तार कर परिवार सहित बंदी बनाया गया। 28 अप्रेल 1858 को उन्होंने मातृभूमि के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका बलिदान आज भी देशभक्ति और साहस की प्रेरणा देता है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि चाहे 1842 के बुंदेला विद्रोह के नेतृत्वकर्ता राजा हिरदेशाह लोधी हों या 1857 की क्रांति की प्रथम महिला शहीद अवंती बाई एवं राजा किशोर सिंह लोधी इन सभी महान क्रांतिकारियों का योगदान इतिहास में अपेक्षित स्थान नहीं पा सका है।
बताया गया कि शौर्य यात्रा का मुख्य उद्देश्य इन गुमनाम वीरों को इतिहास में उचित स्थान दिलाना, पाठ्य पुस्तकों में शामिल कराना और प्रदेश के महत्वपूर्ण स्थानों पर उनके स्मारकों की स्थापना सुनिश्चित करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान और शौर्य से प्रेरणा ले सकें।
कार्यक्रम में युवा अध्यक्ष शैलेष सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी बाल सिंह ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी मंगल सिंह ठाकुर, नीलेश ठाकुर, परशराम ठाकुर, नंदकुमार जंघेला, के के ठाकुर, कुंजन जंघेला,हरि ठाकुर, विष्णु गुमास्ता लखन ठाकुर बंटी ठाकुर सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Translate »