सप्ताहभर हुए रचनात्मक कार्यक्रम
दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन और एसडीएम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य लोकेश पटेरिया सहित अन्य अतिथियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें खंड शिक्षा अधिकारी अमोल सिंह मरावी, विकासखंड स्रोत समन्वयक बृजभान गौतम, महिला एवं बाल विकास विभाग से पुष्पलता मरावी, स्वास्थ्य विभाग से लल्ला यादव और नीति आयोग के प्रतिनिधि डॉ. विकास जैन शामिल रहे।

इसके अलावा उत्कृष्ट विद्यालय से प्राचार्य बीएस पंद्राम, परिसर से प्राचार्य बलवीर मरावी,कन्या हाईस्कूल से प्राचार्य दुर्गा मरावी, एवं शालिनी चौरसिया ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई ।और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान कन्या शिक्षा परिसर की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य-नाटक प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब सराहना बटोरी।
यह आयोजन केवल एक दिन तक सीमित न रहकर 9 अप्रैल से 14 अप्रैल तक क्रमशः सप्ताहभर चला। इस दौरान विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण, रंगोली, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बाबा साहेब के विचारों व उनके संघर्षपूर्ण जीवन को अपनी अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया।
