
दैनिक रेवांचल टाइम्स अंजनिया/ मंडला जिले के अंजनिया स्थित झीगराघाट की शतायु माताश्री का शाल-श्रीफल से सम्मान, परिवार की सेवा भावना बनी समाज के लिए प्रेरणा मंडला जिले के अंजनिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिगराघाट की 113 वर्षीय वयोवृद्ध माताश्री श्रीमती फगिनी बाई पटेल (पति श्री भीखमलाल पटेल) का हाल-चाल जानने कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। समाज के वरिष्ठ सदस्य श्री राजाराम पटेल (ककैया) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने माताश्री के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
माताश्री फगिनी पटेल, जिनका जन्म पिता श्री सुमेरी पटेल एवं माता श्रीमती मिल्लो पटेल के यहां हुआ, आज भी इस आयु में अपने आसपास के लोगों को पहचानती हैं और अभिवादन का जवाब देने का प्रयास करती हैं। आगंतुकों का वे “राधे-राधे” और “राम-राम” कहकर स्वागत करती हैं, जो सभी के लिए भावुक और प्रेरणादायक क्षण रहा।
प्रतिनिधिमंडल में संगठन के अध्यक्ष सी.बी. पटेल, राम भजन पटेल, निर्मल पटेल, एडवोकेट निखिल पटेल सहित ग्राम के कई स्वजातीय भाई-बहन और परिवारजन उपस्थित रहे। इस दौरान माताश्री का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया और समाज की उन्नति हेतु उनका आशीर्वाद लिया गया।
परिवारजनों के अनुसार, इस उम्र में भी माताश्री स्वस्थ हैं और अपने भरे-पूरे संयुक्त परिवार के बीच एक मजबूत आधार स्तंभ के रूप में सभी की चहेती बनी हुई हैं। उनके नाती-पोते—सुनील पटेल (डिप्टी रेंजर, मोहगांव प्रोजेक्ट), सुभाष पटेल, रंजना पटेल, अंजना पटेल सहित परपोते सुलभ और परपोतियां साक्षी, शिक्षा, सोनाक्षी—पूरे समर्पण के साथ उनकी सेवा कर रहे हैं।
आज के दौर में जहां समाज तेजी से एकल परिवार की ओर बढ़ रहा है, वहीं फगिनी पटेल का परिवार संयुक्त रूप में रहकर बुजुर्गों की सेवा और सम्मान की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है। यह परिवार समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है।
समाज के लोगों ने कहा कि बुजुर्ग हमारे जीवन का मूल आधार होते हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही हम जीवन में आगे बढ़ते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सम्मान करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है।
