ताप्ती दर्शन छिन्दवाड़ा
24 एमपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमनप्रीत सिंह के मार्गदर्शन में संचालित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-92) के आठवें दिन विभिन्न प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया।


शिविर में छिंदवाड़ा सहित तीन जिलों के 600 से अधिक एनसीसी कैडेट्स, 1 सूबेदार मेजर, 11 एसएससी अधिकारी, 4 जेसीओ, 8 पीआई स्टाफ, 1 जीसीआई एवं सिविल स्टाफ उपस्थित था।
दिन की शुरुआत निर्मला देवी आश्रम से आई सहज योग विशेषज्ञों की टीम द्वारा योग, ध्यान एवं प्राणायाम सत्र से हुई। कैडेट्स को बताया गया कि नियमित ध्यान एवं एकाग्रता अभ्यास से नीट, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं सहित फायरिंग जैसी गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
शिविर के दौरान चयनित एनसीसी कैडेट्स को पुलिस फायरिंग रेंज में पाइंट 22 एवं एसएलआर जैसी राइफलों के संचालन का अवसर भी प्रदान किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों को आगे विशेष अवसर दिए जाएंगे। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान सामरिक परिस्थितियों में एनसीसी की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। देशभर में 17 लाख से अधिक प्रशिक्षित कैडेट्स एनसीसी से जुड़े हैं, जो किसी भी आपात स्थिति में देश की सहायता के लिए तैयार रहते हैं।
स्थानीय कन्या शाला परिसर में नगर निगम छिंदवाड़ा की अग्निशमन टीम द्वारा आपात अग्निदुर्घटना से निपटने के लिए विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। सायरन बजते ही ब्लैकआउट कर आपात स्थिति का वास्तविक वातावरण तैयार किया गया। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं फायर फाइटर टीम ने आगजनी की स्थिति में त्वरित निर्णय, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों का जीवंत प्रदर्शन किया। विशेषज्ञों द्वारा आग पर नियंत्रण पाने की तकनीकों की प्रायोगिक जानकारी भी दी गई।
इस दौरान सिविल डिफेंस के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने यातायात नियंत्रण, चिकित्सा व्यवस्था, राशन वितरण एवं जिला प्रशासन को सहयोग देने जैसी जिम्मेदारियों का भी प्रदर्शन किया। आपात परिस्थितियों में समन्वय एवं अनुशासन बनाए रखने की भूमिका का छद्म अभ्यास कर कैडेट्स को वास्तविक अनुभव प्रदान किया गया।
वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा एनसीसी कैडेट्स के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में डॉ.सुरेंद्र ब्राउन, डॉ. अल्पना शुक्ला एवं डॉ. सुधीर शुक्ला उपस्थित रहे। डॉ. अल्पना शुक्ला ने कन्या शाला परिसर में लगभग 300 से अधिक महिला एनसीसी कैडेट्स को बालिकाओं एवं महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं, परीक्षण एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान कैडेट्स ने स्वास्थ्य संबंधी अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों ने संतोषजनक समाधान किया। रेड क्रॉस सोसाइटी के इस आयोजन से कैडेट्स में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और कई भ्रांतियों का निराकरण हुआ।
