
सी.बी. पटेल एडवोकेट निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित,
समाज के उत्थान और संगठन मजबूती पर दिया गया जोर
दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला/ मंडला जिले में कुर्मी समाज विकास संगठन की त्रैवर्षिक जिला कार्यकारिणी का गठन रविवार को बिंझिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन में सामाजिक सौहार्द और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों स्वजातीय भाई-बहनों एवं मातृशक्तियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
उल्लेखनीय है कि कुर्मी समाज विकास संगठन द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसी क्रम में आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया विधिवत एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन कार्य को सफल बनाने में राम भजन पटेल, कुंज बिहारी पटेल, कैलाश पटेल, राजेंद्र चंद्रौल, श्रीमती संजू लता सिंगौर, श्रीमती रेखा सिंगौर एवं संजय पटेल सहित अन्य समाजसेवियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सर्वसम्मति से एड. सी.बी. पटेल को संगठन का जिला अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर वसंत पटेल (स्नेहा ट्रैक्टर मंडला), सुरेंद्र पटेल देवगांव, सुरेश चौधरी (नेहा पैथोलॉजी मंडला) एवं गणेश पटेल खैरी को जिम्मेदारी सौंपी गई।
संगठन के सचिव पद पर निर्मल पटेल नारा को दायित्व सौंपा गया, जबकि संयुक्त सचिव के रूप में चंदन पटेल को अवसर मिला। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कुंदन पटेल मांद, संदीप सिंगौर बोरिया एवं अरविंद पटेल जंतीपुर को जिम्मेदारियां प्रदान की गईं। कोषाध्यक्ष पद पर प्रियदर्शन पटेल को पुनः विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रबुद्धजनों ने सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन और समाज के सर्वांगीण विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रघुनंदन पटेल, राजाराम पटेल, महेश पटेल, दादू भाई पटेल, बसंत पटेल, केसरी पटेल एवं यदुनंदन सिंह पटेल सहित अनेक वक्ताओं ने समाज में जागरूकता और संगठन की मजबूती पर बल दिया।
नारा से पधारे अमूल पटेल ने सामाजिक संस्कारों एवं नवीन चेतना के विषय पर अपने विचार रखते हुए समाज को नई दिशा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सी.बी. पटेल एडवोकेट ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास, शिक्षा, संगठन और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
