नकुलनाथ के बयान पर भाजपा का पलटवार; यादव बोले- कांग्रेस ने सपने बेचे, भाजपा ने धरातल पर उतारा विकास

Revanchal
7
7 Min Read

जो लोग वर्षों तक सिर्फ वादों की पाइपलाइन बिछाते रहे, उन्हें अब हर घर जल से परेशानी हो रही हैः शेषराव यादव

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने पूर्व सांसद नकुलनाथ द्वारा जल जीवन मिशन को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को जनता की चिंता कम और अपनी लगातार कमजोर होती राजनीतिक जमीन की चिंता ज्यादा सता रही है। जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस केवल आरोपों और भ्रम की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस दशकों तक छिंदवाड़ा को केवल घोषणाओं, शिलान्यासों और पोस्टरों में विकसित करती रही, वही आज भाजपा सरकार के कार्यों पर सवाल खड़े कर रही है। भाजपा सरकार ने गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पानी, आवास, गैस, शौचालय, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है, जबकि कांग्रेस ने वर्षों तक जनता को केवल सपने और आश्वासन दिए।

यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के नेतृत्व में देश में विकास और गरीब कल्याण की राजनीति को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। जिन गांवों में वर्षों तक महिलाएं और बेटियां दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर थीं, वहां आज घर-घर नल कनेक्शन पहुंच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ‘‘हर घर नल से जल’’ और ‘‘हर घर शौचालय’’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की रक्षा करने का कार्य किया है। कांग्रेस ने अपने लंबे शासनकाल में इस दिशा में गंभीरता से कभी क्यों नहीं सोचा? यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में ही क्यों संभव हुआ कि नीति भी बनी और उस पर तेजी से काम भी शुरू हुआ? इसका कारण स्पष्ट है, भाजपा की नीति देश और जनता के विकास के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ‘‘हर घर नल से जल’’ और ‘‘हर घर शौचालय’’ योजना तो सोच में भी नहीं थी। उस समय आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करती रही, जबकि आज भाजपा सरकार योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

यादव ने कहा कि सपने वहीं देखे जाते हैं, जहां उनके पूरा होने की उम्मीद हो। भाजपा शासनकाल में जनता केवल सपने ही नहीं देखती, बल्कि उन्हें पूरा होते हुए भी देखती है। भाजपा के कार्यकाल में जनता की जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनती हैं, उसी कार्यकाल में उनका भूमिपूजन होता है और उसी कार्यकाल में उनका लोकार्पण भी होता है। भाजपा केवल घोषणाओं की राजनीति नहीं करती, बल्कि योजनाओं को धरातल तक पहुंचाकर परिणाम देने का कार्य करती है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा, पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को आर्थिक सहायता और स्वच्छ भारत अभियान के तहत घर घर शौचालय निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। भाजपा सरकार ने गरीब, किसान, महिला और युवाकृसभी वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान के हित में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, किसान हितैषी योजनाएं, ग्रामीण सड़क निर्माण, सिंचाई विस्तार और पेयजल योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा जिले में भी भाजपा सरकार द्वारा सड़क निर्माण, ग्रामीण संपर्क, पेयजल योजनाओं, बिजली व्यवस्था और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को गति दी गई है। जहां कहीं तकनीकी या निर्माण संबंधी बाधाएं हैं, वहां सरकार लगातार निगरानी और सुधार का कार्य कर रही है। लेकिन कांग्रेस को विकास कार्यों में सहयोग करने के बजाय केवल कमियां ढूंढने और भ्रम फैलाने की आदत पड़ चुकी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की राजनीति भी बड़ी अनोखी है, जब सत्ता में रहे तब लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन अब विपक्ष में आते ही हर नल और हर पाइपलाइन की चिंता सताने लगी है। जनता अब भाषणों और वास्तविक काम का फर्क अच्छी तरह समझ चुकी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने नकुलनाथ से सवाल करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकारों ने इतने वर्षों तक छिंदवाड़ा और ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था को इतना मजबूत बना दिया था, तो फिर जनता को बार-बार पानी के संकट का सामना क्यों करना पड़ता था? आखिर कांग्रेस ने स्थायी समाधान देने के बजाय समस्याओं को केवल चुनावी मुद्दा बनाकर क्यों रखा?
उन्होंने कहा कि शायद नकुलनाथ को कांग्रेस शासनकाल का यह चर्चित नारा किसी ने बताया ही नहीं ‘‘सड़क, बिजली, पानी और मिगलानी, कमलनाथ से यही परेशानी।’’ यह नारा उस दौर की वास्तविक स्थिति को खुद बयां करता था। आज वही कांग्रेस नेता जल व्यवस्था पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि छिंदवाड़ा की जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब मुद्दों और जनसेवा से नहीं, बल्कि मीडिया की सुर्खियों और बयानबाजी तक सीमित होकर रह गई है। दूसरी ओर भाजपा सरकार धरातल पर काम करने में विश्वास रखती है और जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा की जनता अब भावनात्मक भाषणों, आरोपों और दिखावटी राजनीति से प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता विकास, पारदर्शिता और परिणाम देख रही है, और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका जवाब भी मिलेगा।

Share This Article
Translate »