गुणवत्ताहीन सड़क निर्माण से वार्डवासी परेशान, जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल दो माह से खोदी पड़ी सड़क

Revanchal
5
4 Min Read

हादसों का डर… ठेकेदार पर घटिया निर्माण सामग्री उपयोग करने के आरोप

दैनिक रेवांचल टाइम्स | नैनपुर
नगरपालिका नैनपुर के वार्ड क्रमांक 9 में सड़क निर्माण कार्य अब विकास से ज्यादा परेशानी का कारण बनता जा रहा है। काली मंदिर के पीछे चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और गुणवत्ताहीन निर्माण के आरोप लग रहे हैं। वार्डवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मापदंडों की खुलेआम अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बाद भी आंखें मूंदे बैठे हैं।


दो माह से खोदकर छोड़ दी सड़क, लोग परेशान
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 9 में लगभग दो माह पूर्व सड़क निर्माण के नाम पर सड़क को खोद दिया गया था, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और धूल के बीच राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।


वार्डवासियों का आरोप है कि आए दिन कोई न कोई व्यक्ति इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहा है, लेकिन न तो ठेकेदार को इसकी चिंता है और न ही नगर पालिका प्रशासन को।


सीमेंट नाम मात्र, सड़क में डाली जा रही घटिया सामग्री स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन पहले दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया गया, लेकिन उसमें भी भारी लापरवाही सामने आई। आरोप है कि सड़क निर्माण में बेस डालते समय सीमेंट की मात्रा नाम मात्र की रखी गई, जबकि गिट्टी और रेत को बिना उचित मिश्रण के सड़क पर फैला दिया गया। वार्डवासियों ने इसकी शिकायत तत्काल नगर पालिका सीएमओ और उपयंत्री से की, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचा। इससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।


नगर पालिका और ठेकेदार की मिलीभगत के आरोप
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुसार हो रहा होता तो अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच करते। लेकिन शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होना इस बात की ओर इशारा करता है कि कहीं न कहीं ठेकेदार और नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है।


लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क यदि शुरुआत में ही घटिया गुणवत्ता की होगी तो वह कुछ ही समय में टूट जाएगी और सरकारी राशि का नुकसान होगा।


वार्डवासियों में आक्रोश, जांच की मांग
वार्डवासियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए और यदि गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।


इनका कहना है
“मामला संज्ञान में आया है। ठेकेदार द्वारा निर्माण में लापरवाही की जा रही है। उपयंत्री को मौका निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।”
— लक्ष्मण सिंह सारस मुख्य नगर पालिका अधिकारी नैनपुर

Share This Article
Translate »