रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
स्थानीय तहसील परिसर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान शनि मंदिर में आज शनि जन्मोत्सव का पर्व ऐतिहासिक भव्यता और अटूट श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। ‘श्री पंचमुखी हनुमान शनि जन कल्याण समिति’ द्वारा आयोजित इस महोत्सव को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष का मुख्य आकर्षण मंदिर की आम के फलों से की गई विशेष सजावट और शनि शिंगणापुर की तर्ज पर होने वाला अभिषेक है।
ब्रह्म मुहूर्त में होगा विशेष अभिषेक
उत्सव का शुभारंभ सुबह 5:00 बजे ब्रह्म मुहूर्त में जयकारों के साथ होगा। समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि इस वर्ष शनि महाराज का अभिषेक महाराष्ट्र के प्रसिद्ध तीर्थ ‘शनि शिंगणापुर’ की परंपरा के अनुसार किया जाएगा। इसके उपरांत विधि-विधान से हवन-पूजन और भव्य आरती संपन्न होगी।
भक्ति और जनसेवा का अनूठा संगम
समिति ने इस धार्मिक आयोजन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए मंदिर परिसर में निःशुल्क ब्लड चेकअप शिविर का आयोजन किया है। आध्यात्मिक शांति के साथ श्रद्धालुओं के उत्तम स्वास्थ्य के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है, जहाँ भक्त अपनी सेहत की जांच करा सकेंगे।
30 हजार भक्तों के लिए ‘पंगत’ भंडारा
शाम 6:00 बजे संध्या आरती के बाद विशाल भंडारे का आयोजन होगा। समिति की विशेष पहल के तहत,
पारंपरिक व्यवस्था लगभग 30,000 श्रद्धालुओं को भारतीय पारंपरिक ‘पंगत’ पद्धति में बिठाकर ससम्मान भोजन कराया जाएगा।
विशेष प्रसाद महाप्रसाद के साथ भक्तों को आम फल भी वितरित किए जाएंगे।,समय महाप्रसाद का वितरण शाम 6:00 बजे से प्रारंभ होकर रात्रि 11:00 बजे तक निरंतर चलेगा।
समिति की अपील
अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू ने कहा कि पूरी टीम और स्वयंसेवक मुस्तैदी से व्यवस्थाओं में जुटे हैं ताकि हर भक्त सुगमता से दर्शन और प्रसाद प्राप्त कर सके। समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ उठाएं और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें।
