दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा

Revanchal
3 Min Read

घर-घर पहुंचकर बच्चों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण, डायरिया, निमोनिया एवं कुपोषण की होगी समय पर पहचान

डिंडौरी, 15 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान का संचालन 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के लगभग 86 हजार शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा डायरिया, निमोनिया, एनीमिया, कुपोषण एवं अन्य गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की संयुक्त टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी। साथ ही पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे के परिवार को दो ओआरएस पैकेट एवं 14 जिंक टेबलेट प्रदान की जाएंगी, ताकि डायरिया की स्थिति में समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान के अंतर्गत 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को आयु के अनुसार विटामिन-ए सिरप का अनुपूरण कराया जाएगा। वहीं 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के परिवारों को आईएफए सिरप उपलब्ध कराकर उसके उपयोग के संबंध में परामर्श दिया जाएगा। डीएसएस टूल के माध्यम से गंभीर कुपोषित (सैम) बच्चों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही दस्त, निर्जलीकरण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान कर समयानुसार उपचार एवं रेफरल सुनिश्चित किया जाएगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजकुमार डोंगरे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों में गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है, जिससे बाल मृत्यु दर में कमी लाई जा सके और बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर बनाया जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय ने जिले के अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों का पूर्ण सहयोग करें तथा बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराकर समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहभागी बनें, ताकि जिले के प्रत्येक बच्चे को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सके।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »