पहले से मजबूत सीसी सड़क पर पुनः निर्माण के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स पवई (पन्ना)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पवई ने नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में पहले से निर्मित एवं अच्छी स्थिति में मौजूद सीसी सड़क पर दोबारा सीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव का विरोध करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पवई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान सड़क मजबूत एवं उपयोगी है, इसलिए उसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता नहीं है। ऐसा करने से शासन के धन का अनावश्यक व्यय होगा और नगरवासियों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि नई परत बिछाने से सड़क की ऊंचाई बढ़ जाएगी, जिससे सड़क किनारे स्थित दुकानों के फर्श सड़क स्तर से नीचे हो जाएंगे। इसके कारण वर्षा का पानी दुकानों और प्रतिष्ठानों में प्रवेश कर सकता है तथा जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहेगी। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और आम नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानियों का सामना करना होगा।


ब्लॉक कांग्रेस ने सुझाव दिया कि यदि इस कार्य के लिए स्वीकृत राशि का उपयोग नगर विकास के अन्य कार्यों में किया जाए तो अधिक जनहितकारी परिणाम मिल सकते हैं। ज्ञापन में डिवाइडर, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ, समुचित नाली व्यवस्था, सौंदर्यीकरण तथा अन्य नागरिक सुविधाओं के विकास पर राशि खर्च करने की मांग की गई है।


कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पहले से बनी सीसी सड़क पर पुनः निर्माण के प्रस्ताव की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए तथा जनहित और शासन के धन के सदुपयोग को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि पवई नगर को एक आदर्श एवं सुव्यवस्थित मॉडल सड़क का स्वरूप मिल सके।


ज्ञापन सौंपने में प्रमुख रूप से सुरेंद्र कुमार नामदेव ब्लॉक अध्यक्ष,अजय श्रीवास्तव,धीरेन्द्र लेटोरिया,हेतराम शर्मा,सतेन्द्र जैन,रम्मू मणि यादव,भूपत शाह बुंदेला,महबूब खान, वसीम खान,हाफिज खान, घसोटी चौधरी,राम बहोरी बागरी,कल्लू वर्मन के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »