भुआ बिछिया नशे की गिरफ्त में, आखिर कब जागेगा प्रशासन?नई पीढ़ी बर्बादी की ओर

Revanchal
5
3 Min Read

पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के थाना भुआ बिछिया के अंतर्गत और नगर के आसपास के क्षेत्रों में नशे का कारोबार अब बेलगाम होता नजर आ रहा है। हालात इतने चिंताजनक हो चुके हैं कि 15 से 25 वर्ष तक के युवा देर रात सड़कों, गलियों और सुनसान स्थानों पर नशे की हालत में घूमते दिखाई दे रहे हैं। शराब, गांजा और अन्य नशे का जाल तेजी से फैल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।


स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बिना संरक्षण के अवैध नशे का कारोबार इस स्तर तक पहुंचना संभव नहीं है। आखिर सवाल यह उठता है कि जब नगर में खुलेआम नशा बिक रहा है, तब पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई केवल कागजों तक ही सीमित क्यों है?


नगर के कई मोहल्लों में देर रात युवाओं के झुंड देखे जा सकते हैं। स्कूल-कॉलेज की उम्र के किशोर तक नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं। जिस उम्र में युवाओं को शिक्षा और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, उस उम्र में वे नशे और अपराध की तरफ धकेले जा रहे हैं।


आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रहा नशे का कारोबार?
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर और आसपास क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब और गांजा का नेटवर्क सक्रिय है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। बड़े सप्लायरों तक पहुंचने की बजाय छोटे मामलों में कार्रवाई दिखाकर विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचता नजर आ रहा है।


नई पीढ़ी बर्बाद, जिम्मेदार मौन
समाजसेवियों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में पूरा क्षेत्र नशे की गिरफ्त में चला जाएगा। लगातार बढ़ती नशाखोरी से चोरी, मारपीट और अन्य अपराधों की आशंका भी बढ़ रही है।


जनता की मांग — जवाब दे प्रशासन
नगरवासियों ने जिला पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि—
अवैध शराब और गांजा बेचने वालों पर बड़ी कार्रवाई हो।
नगर में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए।
नशे के कारोबारियों को संरक्षण देने वालों की भी जांच हो।


लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो नई पीढ़ी का भविष्य अंधकार में चला जाएगा और इसके लिए जिम्मेदार केवल नशा बेचने वाले ही नहीं, बल्कि कार्रवाई से बचने वाले जिम्मेदार विभाग भी होंगे।

Share This Article
Translate »