शादी की पहली सालगिरह पर उठी अर्थी, सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स पन्ना। पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौरा चौकी के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे ने पूरे बरौली गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

जानकारी के अनुसार, मजदूरी कर घर लौट रहे तीन दोस्त—विजय, रज्जू और हेतराम—रात में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा इतना भयावह था कि अस्पताल ले जाते समय रज्जू और हेतराम ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विजय को उपचार के लिए रीवा रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू मृतक हेतराम से जुड़ा है। शुक्रवार 15 मई को उसकी शादी की पहली सालगिरह थी। घर में जश्न की तैयारियां थीं और खुशियां दस्तक देने वाली थीं, क्योंकि उसकी पत्नी 8 माह की गर्भवती है। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सालगिरह के दिन ही घर से उसकी अर्थी उठी, जिससे पूरा परिवार टूट गया।

परिजन सजीवन केवट ने बताया कि परिवार खुशियों की तैयारी में लगा था, लेकिन इस हादसे ने सबकुछ छीन लिया। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि हादसा बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

👁️ 9 views Views
Share This Article
Translate »