नेशनल हाईवे 30 पर अवैध ऑटो स्टैंड, आखिर क्यों मौन है प्रशासन? बड़े वाहनों का लगता है जाम

Revanchal
4
4 Min Read

अनेक हादसों के बाद भी नहीं जागे जिम्मेदार, जनता पूछ रही — वसूली में सक्रिय, व्यवस्था में निष्क्रिय क्यों?

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। भुआ बिछिया के नगर के अंदर से गुजरने वाली नेशनल हाईवे 30 इन दिनों ट्रैफिक अव्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है। बस स्टैंड से साईं तिराहा तक हाईवे पर खुलेआम ऑटो स्टैंड संचालित हो रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन और नगर परिषद आंखें मूंदे बैठी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अनेकों छोटी-बड़ी घटनाओं और लगातार लग रहे जाम के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं?


हाईवे के दोनों किनारों पर बेतरतीब खड़े ऑटो, सड़क पर सवारियां भरते चालक और बीच सड़क में रुकते वाहन हर दिन हादसों को न्योता दे रहे हैं। बाजार के दिनों में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब हजारों ग्रामीण इसी मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद न तो स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था बनाई जा रही और न ही अवैध ऑटो स्टैंड हटाने की गंभीर कोशिश दिखाई दे रही है।


चेकिंग के नाम पर वसूली, लेकिन व्यवस्था सुधारने में चुप्पी
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि पुलिस विभाग आए दिन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर आम लोगों से चालान और जुर्माने के नाम पर वसूली करता दिखाई देता है, लेकिन नगर के सबसे बड़े ट्रैफिक संकट पर कार्रवाई करने में पूरी तरह मौन है।


लोग सवाल उठा रहे हैं कि—
क्या हाईवे पर अवैध ऑटो स्टैंड प्रशासन को दिखाई नहीं देता?
क्या सड़क पर खड़े वाहन और रोज लगने वाला जाम जिम्मेदार अधिकारियों की नजर से ओझल है?
आखिर क्यों आम जनता पर सख्ती और अव्यवस्था फैलाने वालों पर नरमी दिखाई जा रही है?


नगर परिषद की भूमिका पर भी सवाल
नगर परिषद पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर नगर की सड़कों और हाईवे किनारे बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा। सड़कें सिकुड़ती जा रही हैं, पैदल चलना मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग फाइलों में व्यवस्था सुधारने के दावे कर रहे हैं।


किसी बड़े हादसे का इंतजार?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते हाईवे से अवैध ऑटो स्टैंड नहीं हटाया गया और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है।


जनता की मांग नगरवासियों ने मांग की है कि—
नेशनल हाईवे 30 में लगता है वाहनों का जाम तत्काल ऑटो स्टैंड हटाया जाए।
ऑटो के लिए अलग व्यवस्थित स्टैंड बनाया जाए। बाजार के दिन विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए।
हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाया जाए।


पुलिस और नगर परिषद संयुक्त अभियान चलाकर व्यवस्था सुधारें।
लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन अब भी नहीं जागा, तो आने वाले समय में हादसे और जाम की जिम्मेदारी सीधे जिम्मेदार विभागों पर होगी।

Share This Article
Translate »