रेवांचल टाइम्स नारायणगंज,मंडला जनपद पंचायत नारायणगंज के सभा कक्ष में विकासखण्ड के अतिथि शिक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्थायी शिक्षा समिति अध्यक्ष अविनाश शर्मा ने की।बैठक में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बीईओ प्रतिनिधि विशाल सिंह वरकड़े एवं प्रफुल्ल डोंगरे उपस्थित रहे।
इसके साथ ही अतिथि शिक्षक संघ अध्यक्ष जितेन्द्र तुली सहित विकासखण्ड नारायणगंज अंतर्गत विभिन्न संस्थाओं में कार्यरत अतिथि शिक्षक भी शामिल हुए।बैठक का मुख्य उद्देश्य कक्षा 10वीं एवं 12वीं में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले अतिथि शिक्षकों का सम्मान करना था। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में नए शैक्षणिक सत्र में रिक्त पदों की भर्ती, पोर्टल पंजीयन एवं अपडेट, मानदेय भुगतान, भर्ती प्रक्रिया तथा अतिथि शिक्षकों की अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।स्थायी शिक्षा समिति अध्यक्ष अविनाश शर्मा ने अतिथि शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में अतिथि शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए।
वहीं बीईओ कार्यालय से प्रतिनिधि विशाल सिंह वरकड़े ने आश्वासन दिया कि अतिथि शिक्षकों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
