छतरपुर वृत्त के मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) श्री नरेश सिंह यादव द्वारा दक्षिण पन्ना वनमण्डल अंतर्गत संचालित तेंदूपत्ता संग्रहण कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन परिक्षेत्र मोहन्द्रा की प्राथमिक लघुवनोपज सहकारी समिति के फड़ मोहन्द्रा पहुंचकर संग्रहण व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी दक्षिण पन्ना, वन परिक्षेत्राधिकारी मोहन्द्रा, नोडल अधिकारी श्री देवी सिंह यादव, फड़ अभिरक्षक श्रीमती संगीता अहिरवार सहित विभागीय अमला उपस्थित रहा। निरीक्षण के दौरान सीसीएफ श्री यादव ने संग्राहकों से संवाद कर तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
फड़मुंशी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मोहन्द्रा फड़ अंतर्गत 301 संग्राहक पंजीकृत हैं तथा लगभग 600 मानक बोरा संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दिनांक 22 मई 2026 तक लगभग 165 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका था। निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक द्वारा कटे-फटे, छोटे एवं निम्न गुणवत्ता वाले पत्तों को पृथक रखने तथा केवल उच्च गुणवत्ता वाले बीड़ी योग्य तेंदूपत्तों का संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संग्रहण कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
उल्लेखनीय है कि दक्षिण पन्ना वनमण्डल में इस वर्ष लगभग 17,400 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 13,284 मानक बोरा से अधिक तेंदूपत्ता संग्रहित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 76 प्रतिशत है। इस वर्ष दक्षिण पन्ना की सभी 14 समितियों के तेंदूपत्ता लॉट्स की नीलामी में रिकॉर्ड औसत दर ₹5261 प्रति मानक बोरा प्राप्त हुई है। शासन द्वारा संग्राहकों को ₹4000 प्रति मानक बोरा की दर से पारिश्रमिक प्रदान किया जा रहा है, जिससे हजारों ग्रामीण एवं आदिवासी परिवारों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
