आमजन की सुरक्षा को लेकर एसडीएम सचिन जैन की अनोखी पहल, बस स्टैंड क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी में आमजन की जान-माल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सचिन जैन ने अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए एक सराहनीय पहल की है। बस स्टैंड क्षेत्र एवं डिवाइडर पर अवैध रूप से संचालित दुकानों को हटाने के लिए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।


एसडीएम सचिन जैन स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और अतिक्रमण हटाने की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। इस दौरान बस स्टैंड परिसर एवं डिवाइडरों पर लगी दुकानों को हटाकर उन्हें निर्धारित नए हाट-बाजार स्थल में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।


प्रशासन का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती थी। आम नागरिकों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।


एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण न होने पाए। इसके लिए ग्राम पंचायत घुघरी के सचिव एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को आवश्यक निगरानी एवं कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।


स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी। प्रशासन की कार्रवाई से अब यातायात व्यवस्था बेहतर होने और दुर्घटनाओं की संभावना कम होने की उम्मीद है।


प्रशासन का संदेश स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

👁️ 222 views Views
Share This Article
Translate »