सांदीपनि स्कूलों का कार्य एवं छात्रवृत्ति वितरण तेजी से पूर्ण हो
रेवांचल टाइम्स पन्ना
कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने संभाग अंतर्गत सभी शासकीय स्कूलों की पानी की टंकियों की साफ-सफाई स्कूल प्रारंभ होने से पूर्व कराने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों और प्राचार्यों को दिए हैं। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि सभी शासकीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मुहैया होना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी सांदीपनि स्कूलों का निर्माण समय सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए तथा जो सांदीपनि स्कूल पूर्ण हो चुके हैं, ऐसे सभी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ की जाएं। कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में बालिका शौचालय निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि सागर संभाग की सभी शालाओं में बालिकाओं के लिए शौचालयों को निर्माण कर दिया गया है तथा जिन शालाओं में शौचालयों के मरम्मत की आवश्यकता थी, वहां मरम्मत का कार्य पूर्ण हो गया है। संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में कमिश्नर ने कहा कि चालू शिक्षा सत्र में पात्र शत प्रतिशत बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिलाएं।
कमिश्नर ने वर्तमान सत्र में कक्षा पहली में बच्चों के प्रवेश प्रक्रिया में अपेक्षित कार्य नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देशित किया गया कि कक्षा पहली, कक्षा 6वीं एवं कक्षा 9वीं व अन्य कक्षाओं में छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिलाने के कार्य में तेजी से कार्यवाही सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों में प्रवेश के साथ ही छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकों का वितरण भी सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर कमिश्नर को बोर्ड परीक्षाओं सहित अन्य परीक्षाओं के रिजल्ट की जानकारी दी गई।
परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जिन शालाओं का परीक्षा परिणाम 30 प्रतिशत से कम है, ऐसे शालाओं के प्राचार्यों सहित सब्जेक्ट पढ़ाने वाले शिक्षकों पर भी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति वितरण के प्रकरणों की कमिश्नर द्वारा समीक्षा गई तथा निर्देशित किया गया कि छात्रवृत्ति वितरण हेतु लंबित प्रकरणों का निराकरण तेजी से कराया जाए तथा छात्राओं को छात्रवृत्ति का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कमिश्नर द्वारा अनुसूचित जाति पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति वितरण, अनुसूचित जनजाति पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति वितरण, अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरण योजनाओं की भी समीक्षा की गई तथा निर्देशित किया गया कि इन योजनाओं के अंतर्गत जिन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का वितरण नहीं किया गया है, ऐसे सभी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का वितरण तत्काल सुनिश्चित किया जाए।
कमिश्नर ने शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग में लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कमिश्नर ने शिक्षा विभाग में लंबित पेंशन प्रकरणों का भी निराकरण तेजी से करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, वन अधिकार अधिनियम की भी समीक्षा की गई।
