एसडीएम सचिन जैन ने संभाली कमान, बस स्टैंड और जनपद रोड को कराया अतिक्रमण मुक्त
रेवांचल टाईम्स – घुघरी मंडला वर्षों से साप्ताहिक बाजार के नाम पर सड़क और बस स्टैंड परिसर में फैल रही अव्यवस्था पर आखिरकार प्रशासन का डंडा चल गया। शुक्रवार को घुघरी में उस समय प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली जब अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सचिन जैन स्वयं तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच मैदान में उतरे और साप्ताहिक बाजार को सड़क से हटवाकर पुराने बाजार हाट परिसर में शिफ्ट कराने की कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां आम लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं अव्यवस्थित तरीके से सड़क पर दुकानें लगाने वालों में हड़कंप मच गया।
घुघरी का बस स्टैंड परिसर और जनपद रोड लंबे समय से साप्ताहिक बाजार के कारण जाम की समस्या से जूझ रहा था। बाजार के दिन सड़क के दोनों ओर दुकानें सज जाती थीं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। हालात ऐसे बन जाते थे कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। कई बार एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और यात्रियों से भरी बसें भी जाम में फंस जाती थीं। स्थानीय नागरिक लगातार इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे।प्रशासन द्वारा पूर्व में कई बार व्यापारियों और दुकानदारों को समझाइश दी गई थी कि वे निर्धारित स्थल पर बाजार लगाएं, लेकिन इसका कोई विशेष असर नहीं हुआ। नतीजा यह रहा कि हर सप्ताह वही अव्यवस्था दोहराई जाती रही। आखिरकार शुक्रवार को एसडीएम सचिन जैन ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई का नेतृत्व किया।
सुबह से ही राजस्व विभाग, जनपद पंचायत और पुलिस विभाग का अमला मौके पर तैनात रहा। एसडीएम ने बस स्टैंड परिसर, जनपद रोड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा सड़क पर लगी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम ने दुकानदारों को पुराने बाजार हाट परिसर में स्थानांतरित कराया, जहां पहले से बाजार लगाने की व्यवस्था मौजूद है और दुकानदारों के लिए शेड भी बने हुए हैं।कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करने में आनाकानी की और पुरानी जगह पर ही दुकान लगाने का प्रयास किया। इस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उनके सामान की जब्ती की कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक मार्गों और बस स्टैंड परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम सचिन जैन ने कहा कि बाजार का उद्देश्य व्यापार को बढ़ावा देना है, न कि आम जनता के लिए परेशानी खड़ी करना। उन्होंने कहा कि सड़क और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर बाजार लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसलिए प्रशासन ने जनहित में यह निर्णय लिया है कि साप्ताहिक बाजार अब केवल निर्धारित पुराने बाजार हाट परिसर में ही लगाया जाएगा।
सिर्फ बाजार शिफ्ट करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। प्रशासन ने बस स्टैंड से बस्ती के अंदर जाने वाले मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को भी हटाया। कई दुकानदारों ने दुकानों के सामने टीन शेड बढ़ाकर सड़क तक कब्जा कर लिया था, जिससे रास्ता संकरा हो गया था। प्रशासन ने ऐसे अतिक्रमणों को तत्काल हटवाया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी।
एसडीएम ने साफ शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में किसी ने सड़क, बस स्टैंड या बस्ती मार्ग पर दोबारा टीन शेड लगाकर अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ बिना किसी पूर्व सूचना के कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुकान का सामान भी जब्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतेगा और नियमित निगरानी की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का आम नागरिकों ने स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि वर्षों बाद पहली बार बाजार व्यवस्था को लेकर इतनी अच्छी पहल की गई है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार बस स्टैंड और जनपद रोड पर बाजार लगने से हर सप्ताह भारी जाम लगता था, जिससे विद्यार्थियों, यात्रियों और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। अब बाजार को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को राहत मिलेगी।
घुघरी में हुई यह कार्रवाई प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण और अव्यवस्था को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम सचिन जैन की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई ने न केवल बाजार व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि यदि प्रशासन इच्छाशक्ति के साथ मैदान में उतरे तो वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान संभव है। फिलहाल घुघरी की जनता को उम्मीद है कि यह व्यवस्था आगे भी कायम रहेगी और क्षेत्र को जाम तथा अतिक्रमण की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी।
