1 जून की रात पोकलेन, बैकहो लोडर, हाईवा और ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला क्षेत्र में अवैध उत्खनन के विरुद्ध 1 जून की रात राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने एक पोकलेन मशीन, एक बैकहो लोडर, एक हाईवा तथा चार ट्रैक्टरों को जप्त किया था। हालांकि कार्रवाई के कई दिन बाद भी संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया गया है।जानकारी के अनुसार कार्रवाई अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के विरुद्ध की गई थी।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि बड़ी संख्या में वाहनों को जप्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई, लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।इस संबंध में पुलिस विभाग से जानकारी लेने पर बताया गया कि कार्रवाई राजस्व विभाग के नेतृत्व में की गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं प्रेस नोट जारी करने का अधिकार राजस्व विभाग के पास है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब प्रशासन अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करता है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहती है और अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध स्पष्ट संदेश भी जाता है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में 1 जून की रात हुई कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लेकिन विभागीय स्तर पर जारी खामोशी लोगों की उत्सुकता और सवालों को बढ़ा रही है।अब लोगों की निगाहें राजस्व विभाग पर टिकी हैं कि आखिर कब इस कार्रवाई का आधिकारिक विवरण जारी किया जाएगा तथा जप्त किए गए वाहनों और संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध क्या वैधानिक कार्रवाई की जा रही है
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि कार्रवाई हुई है तो उसका आधिकारिक विवरण सार्वजनिक करने में देरी क्यों हो रही है।
