जनकल्याण शिविरों का सभी जोनों में आयोजन, जगन्नाथ जोन में हुआ कार्यक्रम, विभिन्न योजनाओं के आवेदनों का हुआ निराकरण

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

नगर निगम के सभी जोनों में 12 से 14 जून तक आयोजित किए जा रहे जनकल्याण शिविरों के अंतर्गत शनिवार को जगन्नाथ जोन में शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद अभिलाष गौहर, राजस्व सभापति बलराम साहू, जनप्रतिनिधि माइकल पहाड़े, निगम उपायुक्त कमलेश निर्गुणकर, राजस्व अधिकारी महेश साहू, जोनल अधिकारी ब्रजेश पांडे, अरुणलता मालवी, सिटी मिशन मैनेजर उमेश पयासी, सेवंती पटेल, सीओ योगेश डेहरिया एवं एसडीओ एग्रीकल्चर रमाकांत दुबे उपस्थित रहे।


शुभारंभ कार्यक्रम में बताया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक सरल एवं सहज तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से सभी जोनों में इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं तथा विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

शिविरों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग से संबंधित सेवाओं के अंतर्गत अविवादित संपत्ति नामांतरण (मृत्यु प्रकरण), अविवादित संपत्ति हस्तांतरण, नए नल एवं सीवर कनेक्शन, डेड लाइन सुधार कार्य, हैंडपंप एवं ट्यूबवेल सुधार, नो ड्यूज प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना, फायर एनओसी, भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र, भवन पूर्णता प्रमाण पत्र, आवासीय भवन निर्माण स्वीकृति एवं विकास अनुज्ञा की समय-सीमा वृद्धि संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।


शिविर के पहले दिन पीएम स्वनिधि योजना के 133, ट्रेड लाइसेंस के 51, नो ड्यूज प्रमाण पत्र के 80, संबल योजना के 68, बीपीएल संबंधी 5, नए नल कनेक्शन के 85 तथा पेंशन योजना के 34 आवेदनों का निराकरण किया गया। नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

जनकल्याण शिविरों का आयोजन आगामी दिवसों में भी सभी जोन कार्यालयों में किया जाएगा, जहां नागरिक पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

👁️ 15 views Views
Share This Article
Translate »