खबर का असर: ‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ की खबर के बाद जागी रेलवे, नैनपुर जंक्शन पर बदला ट्रेन का समय!

Revanchal
3 Min Read

दैनिक रेवांचल टाईम्‍स मंडला नैनपुर:- ‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। नैनपुर जंक्शन पर समय-सारिणी की जिस तकनीकी विसंगति के कारण रोजाना सैकड़ों यात्री परेशान हो रहे थे, उसे दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने गंभीरता से लेते हुए संशोधित कर दिया है।
रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 58823 (छिंदवाड़ा – मंडला फोर्ट पैसेंजर) के समय में बदलाव का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है, जो आज 22 अगस्त 2026 से प्रभावी होगा।

क्या था मामला?

‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ ने 30 जुलाई 2026 के अंक में “नैनपुर जंक्शन पर टाइम-टेबल की बड़ी विसंगति- मात्र 5 मिनट के अंतर से छूट रही मंडला फोर्ट पैसेंजर, यात्री हलाकान” शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था।
खबर में स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट नितिन सोलंकी के हवाले से उजागर किया गया था कि शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस (11202) के नैनपुर पहुंचने से ठीक 5 मिनट पहले मंडला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (58823) प्लेटफॉर्म छोड़ देती थी। इसके कारण यात्रियों का कनेक्शन टूट जाता था और उन्हें दोपहर 02:00 बजे की अगली ट्रेन के लिए लगभग पौने तीन घंटे जंक्शन पर मजबूरन इंतजार करना पड़ता था।

रेलवे बोर्ड का नया आदेश और संशोधित समय:


‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ की खबर और जनहित की मांग पर संज्ञान लेते हुए रेलवे के उप मुख्य परिचालन प्रबंधक द्वारा जारी आदेशानुसार:
• नैनपुर आगमन: छिंदवाड़ा-मंडला फोर्ट पैसेंजर अब नैनपुर जंक्शन पर सुबह 11:05 बजे की जगह 11:20 बजे पहुंचेगी।
• नैनपुर प्रस्थान: नैनपुर से यह ट्रेन सुबह 11:15 बजे के बजाय अब 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।
• मंडला फोर्ट आगमन: यह ट्रेन अब दोपहर 12:30 बजे मंडला फोर्ट पहुंचेगी।


यात्रियों को मिली बड़ी राहत:
इस बदलाव के बाद अब शहडोल, उमरिया, जबलपुर और अनूपपुर रेल खंड से आने वाले यात्रियों को नैनपुर में 10 मिनट का कनेक्टिंग बफर मिल जाएगा। इससे यात्री आसानी से एक ट्रेन से उतरकर मंडला फोर्ट पैसेंजर पकड़ सकेंगे।

क्षेत्रीय यात्रियों और रेल प्रेमियों ने ‘दैनिक रेवांचल टाइम्स’ का आभार व्यक्त किया है, जिसकी बदौलत इस समस्या का त्वरित समाधान हो सका!

👁️ 30 views Views
Share This Article
Translate »