बजाग/ थाना क्षेत्र में मंगलवार- बुधवार की दरम्यानी रात और बुधवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगने की घटनाएं सामने आई हैं। एक मामले में पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचे युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरे मामले में राइस मिल गए किसान का शव यूकेलिप्टस के पेड़ पर लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचे युवक ने लगाई फांसी
पुलिस द्वारा दर्ज मर्ग पंचनामा के अनुसार ग्राम सारसडोली निवासी राहुल बनवासी (32 वर्ष) अपनी पत्नी संध्या बनवासी से विवाद के बाद मंगलवार शाम ससुराल बजाग पहुंचा था। परिजनों के अनुसार संध्या अपने दो बच्चों के साथ मायके आ गई थी और उसने बताया था कि राहुल आए दिन शराब पीकर विवाद करता था।
बताया गया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे राहुल अपने एक साथी के साथ ससुराल पहुंचा। वह शराब के नशे में था और बच्चों के साथ रुकने की बात कर रहा था। परिजनों द्वारा समझाने के बाद सभी लोग सोने चले गए। बुधवार सुबह करीब 5 बजे परिजनों ने घर के बाहर दरवाजे के सामने स्थित छप्पर में लगी लकड़ी से गमछे के फंदे पर राहुल का शव लटका देखा। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
राइस मिल गए किसान का शव पेड़ पर लटका मिला
दूसरी घटना में ग्राम आमाडोंगरी डूमरटोला निवासी सालिकराम यादव (53 वर्ष) का शव बुधवार सुबह ग्राम भुरसी स्थित मित्र मिलन ढाबा के सामने एक यूकेलिप्टस के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस के अनुसार सालिकराम मंगलवार को ग्राम भानपुर स्थित राइस मिल में धान कुटाने के लिए गांव के अन्य लोगों के साथ गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह करीब 7 बजे गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर पेड़ पर शव लटके होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सालिकराम यादव के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। उन्होंने किसी प्रकार के विवाद या किसी व्यक्ति पर संदेह होने से इनकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों मामलों में पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही हैं
