डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर को भावभीनी विदाई, डॉ. पंकज दुबे का हुआ स्वागत

Revanchal
2 Min Read

स्वास्थ्य विभाग के गरिमामय समारोह में अधिकारियों-कर्मचारियों ने दी शुभकामनाएं

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर को स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई, वहीं जिले के नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पंकज दुबे का आत्मीय स्वागत किया गया।

बड़वानी के लिए स्थानांतरित हुए डॉ. ठाकुर

गौरतलब है कि डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर का स्थानांतरण सिवनी से बड़वानी जिले में किया गया है। वहीं डॉ. पंकज दुबे बालाघाट से स्थानांतरित होकर सिवनी जिले के नए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर रहे हैं।

कार्यकाल की उपलब्धियों को किया याद

समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभागीय समन्वय में उनके योगदान की सराहना की। उपस्थितजनों ने उनके नए दायित्वों के सफल निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प

नवागत सीएमएचओ डॉ. पंकज दुबे का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। उन्होंने जिले में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और जनहितकारी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित

समारोह में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर को शुभकामनाओं सहित विदाई और डॉ. पंकज दुबे के सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »