SAFE CLICK-(2.0) -26 अभियान: घुघरी पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए चलाया जनजागरण अभियान

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला – बढ़ते साइबर अपराधों और डिजिटल ठगी के मामलों को देखते हुए थाना घुघरी पुलिस द्वारा “SAFE CLICK-[2.0] 26” जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना है। इस अभियान के तहत पुलिस द्वारा पंपलेट वितरित कर लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से अवगत कराया जा रहा है।


पुलिस द्वारा जारी जागरूकता पंपलेट में स्पष्ट किया गया है कि “डिजिटल अरेस्ट” एक धोखा है और किसी भी पुलिस, सीबीआई या न्यायालय के अधिकारी को फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का अधिकार नहीं है। साइबर अपराधी खुद को पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड तथा अन्य गोपनीय जानकारियां हासिल कर आर्थिक ठगी करते हैं।


अभियान के दौरान पुलिस ने नागरिकों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति फोन या वीडियो कॉल पर स्वयं को अधिकारी बताकर गिरफ्तारी, जांच या कानूनी कार्रवाई का डर दिखाए तो घबराएं नहीं, तुरंत कॉल काट दें और किसी भी प्रकार की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही संदिग्ध कॉल की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखें और इसकी जानकारी अपने परिजनों एवं पुलिस को दें।


पंपलेट में साइबर सुरक्षा के पांच महत्वपूर्ण नियम भी बताए गए हैं, जिनमें अनजान कॉल पर विश्वास न करना, जानकारी की पुष्टि करना, ओटीपी, पिन, सीवीवी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करना, केवल आधिकारिक वेबसाइटों और ऐप्स का उपयोग करना तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करना शामिल है।


थाना घुघरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में किसी भी प्रकार के रिमोट एक्सेस एप्लीकेशन इंस्टॉल न करें तथा सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112 अथवा www.cybercrime.gov.in⁠� पर शिकायत दर्ज कराएं।


थाना घुघरी पुलिस का कहना है कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। “SAFE CLICK-[2.0] 26” अभियान के जरिए क्षेत्र के नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने और साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल करने का प्रयास किया जा रहा है।
“डिजिटल अरेस्ट एक धोखा है, आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।” यही संदेश लेकर घुघरी पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने में जुटी हुई है।

👁️ 17 views Views
Share This Article
Translate »