बारिश से उफनाई चकरार नदी, 3.30 घंटे तक मुख्यालय से कटा ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क

Revanchal
2 Min Read

चार फीट पानी से डूबी पुलिया, स्कूली बच्चे व राहगीर घंटों फंसे रहे, शाम को पानी उतरने पर बहाल हुआ आवागमन

बजाग। लगातार हो रही बारिश के चलते चकरार नदी उफान पर आ गई, जिससे बिजोरा, खपरीपनी और खम्मेरा मार्ग पर स्थित पुलिया लगभग साढ़े तीन घंटे तक जलमग्न रही। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिया के ऊपर लगभग चार फीट पानी बहने लगा, जिसके कारण इस मार्ग पर पूरी तरह यातायात बंद हो गया। शाम करीब छह बजे पानी का स्तर घटने के बाद ही आवागमन दोबारा शुरू हो सका।


बारिश के कारण मुख्यालय से ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह टूट गया। पुलिया के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक पानी उतरने का इंतजार करते रहे। मुख्यालय के स्कूलों में पढ़ने वाले बिजोरा, खपरीपनी और खम्मेरा सहित आसपास के गांवों के स्कूली बच्चे भी समय पर घर नहीं लौट सके और सुरक्षित स्थान पर रुककर घंटों इंतजार के बाद ही रास्ता खुलने पर गांव पहुंच सके ।


तेज बहाव के चलते किसी ने भी पुलिया पार करने का जोखिम नहीं उठाया। कई ग्रामीण छाता और रेनकोट पहनकर पुलिया के किनारे खड़े होकर पानी उतरने का इंतजार करते रहे। आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई वाहन बीच रास्ते से ही वापस लौट गए।


रविवार से शुरू हुई बारिश सोमवार तक रुक-रुककर जारी रही। देर रात तक भी वर्षा का दौर चलता रहा, जिससे क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर बने रहे। इस मानसून सीजन में पहली बार चकरार नदी में बाढ़ जैसे हालात बने, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल देखा गया। यदि आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों और संपर्क मार्गों पर फिर से जलभराव और आवागमन बाधित होने की आशंका बनी हुई है

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »