मॉडल फ्यूचर कला समिति, प्रेरणा नगर विकास समिति और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन
आवेदकों और अनावेदकों को भी किया गया जागरूक; वित्तीय धोखाधड़ी पर तुरंत ‘1930’ डायल करने की सलाह
मोबाइल गुम होने पर सीर पोर्टल पर इमेज ब्लॉक कराने की दी गई जानकारी
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के दोहरे उद्देश्य के साथ महिला थाना परिसर छिंदवाड़ा में एक विशेष जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन मॉडल फ्यूचर कला एवं तकनीकी शिक्षा समिति तथा प्रेरणा नगर विकास प्रस्फुटन समिति के संयुक्त तत्वावधान में, नगर निगम छिंदवाड़ा के सहयोग से संपन्न हुआ।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रोपे पौधे
कार्यक्रम के दौरान महिला थाना प्रभारी अरुणा वाहने, पुलिस अधिकारियों, समिति के पदाधिकारियों और नगर निगम के प्रतिनिधियों ने थाना परिसर में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान समाज को हरित, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने का संदेश देते हुए सभी उपस्थित जनसमुदाय को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
थाना पहुंचे फरियादियों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर
विशेष बात यह रही कि इस कार्यक्रम में थाने पहुंचे आवेदकों, अनावेदकों सहित समिति सदस्यों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। पुलिस टीम ने आमजन को जागरूक करते हुए निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं
मोबाईल गुम होने पर तुरंत कार्रवाई यदि मोबाइल कहीं खो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत सीर पोर्टल पर जाकर उसका इमेज नंबर ब्लॉक करवाएं, ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके।
वित्तीय धोखाधड़ी पर तुरंत एक्शन किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना वक्त गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। त्वरित सूचना देने पर डूबी हुई रकम को होल्ड कराया जा सकता है।
ऑनलाइन शिकायत अन्य किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में नागरिक सीधे www.cybercrime.gov.in (NCRP पोर्टल) पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
साइबर दोस्त से लें जानकारी गृह मंत्रालय के “साइबरदोस्त ” यूट्यूब चैनल और पोर्टल को समय-समय पर देखने की सलाह दी गई, ताकि नए-नए साइबर क्राइम के तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी मिल सके।
थाना प्रभारी की अपील
टुओ फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऑन रखें, कभी भी किसी से अपना ओटीपी साझा न करें और सोशल मीडिया पर अनजान वीडियो कॉल या डीपफेक वीडियो/ऑडियो से बेहद सावधान रहें।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी अरुणा वाहने, उपनिरीक्षक रुपेश यादव, प्रधान आरक्षक डिम्पल, प्रधान आरक्षक शकीला खान, आरक्षक भावना सहित महिला थाने का समस्त स्टाफ और सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
