2.048 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला बिछिया
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान एवं अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना बिछिया पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 2.048 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिछिया श्री सौरव तिवारी के मार्गदर्शन में दिनांक 21 जुलाई 2026 को थाना बिछिया पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम छपरतला में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर सदन साहू पिता हल्के साहू, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम छपरतला को हिरासत में लिया।
वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपी के घर के सामने बने स्टोर रूम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक बैग में रखा 2.048 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1,00,000/- है, बरामद किया गया। आरोपी से गांजा रखने संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
बरामदगी के आधार पर थाना बिछिया में अंतर्गत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जिसके संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।
मंडला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त संदेश है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। जिले में नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार प्रभावी एवं सतत रूप से जारी रहेगा।
