हिंदी में कार्य करने का लिया संकल्प, पर्यावरण हितैषी हाइड्रोजन ट्रेन पर भी हुई संगोष्ठी
नरसिंहपुर | 23 जुलाई 2026
रेलवे स्टेशन नरसिंहपुर में गुरुवार को हिंदी भाषा त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे ने की। इस अवसर पर जबलपुर मंडल से राजभाषा विभाग के हिंदी अनुवादक श्री नवीन कुमार एवं श्री राजकिशोर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्य, दैनिक पत्राचार तथा शासकीय कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी भाषा के प्रयोग के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हिंदी भाषा के सम्मान एवं उसके व्यापक उपयोग का संकल्प भी दिलाया गया।
संगोष्ठी में भारत की पहली पर्यावरण हितैषी हाइड्रोजन ट्रेन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह ट्रेन शून्य प्रतिशत कार्बन उत्सर्जन करती है तथा इससे केवल जलवाष्प (पानी की भाप) निकलती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। इसे विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर इस पर्यावरण अनुकूल ट्रेन की शुरुआत देश के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. आर. आर. कुर्रे ने कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा होने के साथ-साथ देश की एकता और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग करने तथा दैनिक पत्राचार हिंदी में करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर एडीएन कार्यालय से आशीष रंजन, एसएमसी से सारिक खान, चीफ फार्मासिस्ट शिव नारायण लोधी सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हिंदी के व्यापक उपयोग और राष्ट्रहित में कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
