रेवांचल टाइम्स पन्ना
सरकार द्वारा संचालित तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं के बावजूद शाहनगर क्षेत्र के कूपना घाट एवं चौपरा में निवासरत पारधी समाज आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर है। ग्रामीण रज्जो पारधी एवं चेतना का आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक समस्याएं पहुंचाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पारधी समाज के अनेक परिवारों को आज तक वृद्धा पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। वहीं पेयजल व्यवस्था भी बदहाल बनी हुई है, जिसके चलते लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। क्षेत्र में सड़क सुविधा नहीं होने से बरसात के दिनों में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में बीमार लोगों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। कई परिवार आज भी पक्के आवास से वंचित हैं और कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पारधी समाज की समस्याओं का स्थायी समाधान करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि उन्हें भी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
