बीच बाजार में कथित अवैध निर्माण पर प्रशासन मौन, आखिर किसके संरक्षण में चल रहा निर्माण? जिम्मेदार क्यो है मौन…

Revanchal
3 Min Read

रेवांचल टाइम्स | नैनपुर मंडला,
नैनपुर नगर पालिका परिषद के कार्यों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर के बीच बाजार क्षेत्र में कथित रूप से बिना वैधानिक अनुमति के निर्माण कार्य तेज गति से जारी है, लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की चुप्पी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण वैध है तो संबंधित विभाग इसकी अनुमति सार्वजनिक करे, और यदि अवैध है तो निर्माण पर तत्काल रोक लगाकर नियमानुसार कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? यही प्रश्न अब नगरवासियों के मन में उठ रहा है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी सहित स्थानीय नागरिकों द्वारा एसडीएम नैनपुर एवं नगर पालिका परिषद को लिखित शिकायत सौंपे जाने के बावजूद कथित रूप से जेसीबी लगाकर निर्माण कार्य जारी रहने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


नगरवासियों का आरोप है कि नगर पालिका के लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग की जिम्मेदारी अवैध निर्माणों की निगरानी कर नियमानुसार कार्रवाई करना है, लेकिन इस मामले में संबंधित अधिकारी अब तक कोई प्रभावी कदम उठाते नजर नहीं आए। इससे यह धारणा बन रही है कि नियमों का पालन कराने वाले ही नियमों के उल्लंघन पर मौन हैं।
नगर में चर्चा है कि लगातार कच्ची दुकानों को हटाकर नए निर्माण किए जा रहे हैं, लेकिन इन निर्माणों की वैधता की जांच और आवश्यक स्वीकृतियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही। यदि ऐसा है तो यह प्रशासनिक पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।


सबसे बड़ा सवाल यह है कि शिकायतों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित विभागों ने मौके का निरीक्षण किया? क्या निर्माणकर्ता के पास वैध अनुमति है? यदि नहीं, तो निर्माण अभी तक क्यों जारी है?
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण नियमों के विरुद्ध पाया जाता है तो बिना किसी पक्षपात के वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासन यह भी स्पष्ट करे कि शिकायतों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई, ताकि जनता का विश्वास शासन-प्रशासन पर बना रहे।

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »