बजाग मुख्यालय में नल-जल योजना की पाइप लाइन बनी मुसीबत, नाली बंद होने से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, गड्ढों में जलभराव से राहगीर व छात्र परेशान

Revanchal
4 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – नगर मुख्यालय के राम मंदिर बस्ती, मरखी तिराहे से नीचे टोला की ओर जाने वाले मार्ग एवं ठाकुरदेव मोहल्ले में नल-जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने पाइप लाइन डालने के लिए कई स्थानों पर नालियां खोदकर कार्य तो कर दिया, लेकिन बाद में उन्हें मिट्टी और मलबा भरकर बंद कर दिया। इसके कारण घरों का निस्तार का पानी नालियों से बहने के बजाय सीधे सड़क पर फैल रहा है, जिससे कीचड़, जलभराव और विवाद जैसी स्थिति बन गई है।

वही ग्राम पंचायत रैयत में भी नवीन पाइप लाइन कई मोहल्ले में परेशानी का सबब बन गई है यहां के वाशिंदे भी इसी तरह के हालात से गुजर रहे है
स्पष्ट देखा जा सकता है कि कई जगह सड़क पूरी तरह उखड़ी हुई है। पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और पानी भरा हुआ है। कुछ स्थानों पर पाइप जमीन से बाहर दिखाई दे रहे हैं तथा निर्माण सामग्री और मलबा भी सड़क किनारे पड़ी हुई है। बारिश के कारण मार्ग फिसलन भरा हो गया है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।


राम मंदिर मोहल्ले की सड़क पर बने गड्ढों में लगातार बारिश का पानी भरा रहने से छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को जलभराव और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं जब दोपहिया और चारपहिया वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं तो गड्ढों में भरा कीचड़ राहगीरों पर उछल जाता है, जिससे उनके कपड़े भी गंदे हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के जिम्मेदार इसी मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करते हैं, इसके बावजूद समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।


बस्ती निवासी श्रवण कुमार साहू ने बताया कि उनके घर के सामने पहले पक्की नाली से निस्तार का पानी आसानी से निकल जाता था। पाइप लाइन बिछाने के दौरान नाली को खोदकर बाद में मिट्टी से भर दिया गया, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। अब घर का पूरा निस्तार का पानी सड़क पर बह रहा है और इसी बात को लेकर मोहल्ले में विवाद की स्थिति बन रही है। उनका कहना है कि उन्होंने सरपंच एवं सचिव से नाली निर्माण कराने की मांग की, लेकिन उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि पंचायत पहले ही नाली बना चुकी है और दोबारा निर्माण संभव नहीं है।


ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा कई स्थानों पर पाइप लाइन पर्याप्त गहराई में नहीं दबाई गई है। यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं कराया गया तो वाहनों की आवाजाही से पाइप क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है। वहीं सड़क पर फैली मिट्टी, कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
विशेष रूप से मरखी तिराहा से नीचे मोहल्ले की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थिति अधिक खराब बताई जा रही है, जहां नालियों के बंद होने से पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद नालियों को तत्काल खुलवाकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाए, सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा पाइप लाइन बिछाने में हुई अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »