महर्षि विद्या मंदिर की जर्जर सड़क बनी हादसों का खतरा, आप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Revanchal
4 Min Read

10 दिन में समाधान का आश्वासन, सड़क नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

रेवांचल टाइम्स मण्डला ग्राम पंचायत कटरा स्थित महर्षि विद्या मंदिर एवं एमके कॉलोनी कटरा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों विकास के दावों की पोल खोल रही है। सड़क की हालत इतनी बदहाल हो चुकी है कि अब यह आवागमन का रास्ता कम और हादसों का खतरा ज्यादा बन गई है। बरसात ने सड़क की बदहाली को और भयावह कर दिया है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भरने से उनकी वास्तविक गहराई दिखाई नहीं देती और स्कूली बच्चों, अभिभावकों तथा राहगीरों को हर दिन जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है।


सड़क की इस दुर्दशा को लेकर आम आदमी पार्टी जिला इकाई मंडला ने सोमवार को कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। पार्टी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने आरोप लगाया कि जिस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे स्कूल पहुंचते हैं, उसकी हालत कई महीनों से खराब है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक आंखें मूंदकर बैठा है।


वीडियो वायरल हुआ तो खुली प्रशासन की नींद
आप जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने हाल ही में बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो में सड़क पर बने गड्ढों, पानी और कीचड़ के बीच बच्चों एवं वाहनों की आवाजाही के कारण पैदा हो रही जाम की स्थिति साफ दिखाई दे रही थी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और स्कूल प्रशासन को भी अभिभावकों से सड़क की समस्या को लेकर प्रशासन के समक्ष मांग रखने की अपील करनी पड़ी।


सवाल यह है कि जब सड़क की बदहाली इतनी ख़राब है कि स्कूल प्रशासन को स्वयं अभिभावकों से प्रशासन के सामने समस्या उठाने की अपील करनी पड़ रही है, तो जिम्मेदार विभाग अब तक किसका इंतजार कर रहा था।


गड्ढों में पानी, खतरे में बच्चों की सुरक्षा
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है। बरसात के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ छोटे स्कूली बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बच्चे कीचड़ और पानी में गिरकर स्कूल की ड्रेस तक खराब कर चुके हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। यदि किसी दिन बड़ा हादसा हो गया तो उसकी जवाबदेही आखिर किसकी होगी


कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को सड़क की तस्वीरें दिखाकर मौके की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही तथा 10 दिवस के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।अब देखना होगा कि यह आश्वासन जमीन पर कब उतरता है या फिर हर बार की तरह यह मामला भी कागजी कार्रवाई और आश्वासनों तक सीमित रह जाता है।


सड़क नहीं सुधरी तो आंदोलन
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में सड़क निर्माण या मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो जनहित में उग्र आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंदोलन की स्थिति निर्मित होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान जिला उपाध्यक्ष आनंद प्रकाश तिवारी सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

👁️ 14 views Views
Share This Article
Translate »